पश्चिम एशिया के हालात चिंताजनक, पूरे विश्व की इकोनॉमी पर पड़ रहा जंग का प्रभाव : पीएम मोदी

पश्चिम एशिया के हालात चिंताजनक, पूरे विश्व की इकोनॉमी पर पड़ रहा जंग का प्रभाव : पीएम मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में ईरान से इजरायल और अमेरिका से हो रही जंग पर अपने विचार रखे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया के हालात चिंताजनक हैं। पूरी दुनिया इस संकट को खत्म करने के लिए सभी पक्षों से जल्द से जल्द हल निकालने का आह्वान कर रही है। युद्ध से पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था पर प्रभाव पड़ रहा है। कच्चे तेल और गैसा का बड़ा हिस्सा मिडिल-ईस्ट से आता है, इसलिए भारत की चिंता भी इस युद्ध को लेकर स्वाभाविक है। जब से युद्ध शुरू हुआ है, तब से प्रभावित देशों में मौजूद प्रत्येक भारतीय को हर संभव मदद दी जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कच्चा तेल, गैस और खाद हॉर्मूज स्ट्रेट से भारत आते हैं। यहां से जहाजों का आना-जाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में भारत सरकार का प्रयास है कि आपूर्ति बाधित ना हो। देश के आम नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। भारत एलपीजी का देश का 60 प्रतिशत हिस्सा आयात करता है। इसलिए देश में इसके उत्पादन को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार अलग-अलग देशों के सप्लायर्स के साथ संपर्क में है। प्रयास ये है कि जहां से संभव हो वहां से तेल और गैस की सप्लाई होती रहे। सरकार गल्फ और आसपास के वैकल्पिक रूट पर नजर बनाए हुए हैं। हम प्रयास कर रहे हैं कि सभी जरूरी चीजों के सामान भारत तक सुरक्षित पहुंचते रहें। बीते दिनों में कई जहाज भारत आए भी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के सामने भी इस युद्ध ने अप्रत्याशित चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। ये चुनौतियां आर्थिक भी हैं, राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी भी है और मानवीय भी हैं। युद्धरत और युद्ध से प्रभावित देशों के साथ भारत के व्यापक व्यापारिक रिश्ते हैं। जिस क्षेत्र में ये युद्ध हो रहा है, वह दुनिया के दूसरे देशों के साथ हमारे व्यापार का भी एक महत्वपूर्ण रास्ता है। विशेष रूप से कच्चे तेल और गैस की हमारी जरूरतों का एक बड़ा हिस्सा यही क्षेत्र पूरा करता है।



