राष्ट्रीय

बस और मालवाहक में जोरदार टक्कर से लगी भीषण आग, 14 लोगों की मौके पर मौत, बस जलकर ख़ाक

 

मार्कपुरम। आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले के रायवरम के पास गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में स्लैब खदानों के पास एक निजी ट्रैवल बस की टिपर लॉरी से टक्कर हो गई, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। आग इतनी तेजी से फैली कि बस के पिछले हिस्से में बैठे यात्री अंदर ही फंस गए। धुएं और लपटों के कारण दम घुटने और जलने से इन 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। करीब एक दर्जन घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। बचाव दल फिलहाल मृतकों की शिनाख्त करने और उनके परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश कर रहा है। शिनाख्त पूरी होने के बाद ही शवों को परिजनों को सौंपा जाएगा।

बता दें कि आंध्र प्रदेश के मारकापुरम जिले में रायवरम के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। यात्रियों से भरी बस और बजरी से लदे टिपर ट्रक के बीच जोरदार टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों ने आग पकड़ ली, जिससे बस में सवार यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। मार्कपुरम डीएसपी हर्षवर्धन राजू ने हादसे के बारे में बताते हुए कहा कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब बस जगित्याला से कालिगिरी जा रही थी। टक्कर के बाद बस में आग लग गई और वह पूरी तरह से जलकर खाक हो गई।

डीएसपी राजू के अनुसार, आशंका है कि इस घटना में कई यात्री जिंदा जल गए हैं। उन्होंने बताया कि यह हादसा गुरुवार की सुबह हुआ। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि भीषण टक्कर की वजह से ही बस में आग लग गई थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं, शवों की पहचान के लिए प्रयास जारी हैं।

 

सीएम नायडू ने जताया हादसे पर दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मार्कपुरम जिले के रायवरम के पास हुए सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इस घटना में बस में सवार कई यात्रियों के जलकर मर जाने पर शोक जताया। उन्होंने अधिकारियों से बात की और घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज देने और घटना की जांच के लिए निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हरिकृष्णा ट्रैवल्स की एक बस तेलंगाना राज्य के निर्मल से नेल्लोर जा रही थी। सीएन नायडू ने अधिकारियों को हादसे के कारणों की व्यापक जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

 

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button