महापौर रामू रोहरा ने किया क्रिकेट बॉक्स निर्माण कार्य का भूमिपूजन, रामनवमी की दी शुभकामनाएं

धमतरी। नगर पालिक निगम धमतरी अंतर्गत गुरुघासीदास वार्ड स्थित जालमपुर स्कूल मैदान में क्रिकेट बॉक्स एवं फेब्रिकेटेड टॉयलेट निर्माण कार्य का भूमिपूजन महापौर रामू रोहरा द्वारा विधिवत किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और खिलाड़ियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और गरिमामयी बन गया।
महापौर रामू रोहरा ने इस मौके पर कहा कि शहर के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। क्रिकेट बॉक्स निर्माण से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए सुरक्षित और आधुनिक सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच का विकास होता है।
कार्यक्रम के दौरान फेब्रिकेटेड टॉयलेट निर्माण कार्य की भी सराहना की गई। महापौर ने कहा कि मैदान में आने वाले खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था आवश्यक है, इसलिए सुविधाओं के साथ-साथ स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने शहरवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान राम का जीवन हमें मर्यादा, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। उन्होंने कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
कार्यक्रम में सभापति कौशिल्या देवांगन, पीडब्ल्यूडी विभाग सभापति विजय मोटवानी, वार्ड पार्षद हेमंत बंजारे, मेघराज ठाकुर, आमना सोना, सुशीला हिरवानी, आजाद सोना, सूरज पटेल, संतोष वर्मा, बबला पटेल, देवकी महावार, आशा महावार, गुरमीत टंडन, प्रहलाद पटेल, गजानंद मीनपाल, मनोहर देवांगन सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
अंत में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस पहल के लिए महापौर रामू रोहरा का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे विकास कार्यों से वार्ड में खेल एवं बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।



