भीषण गर्मी में जल संकट पर निगम की बड़ी पहल : 40 वार्डों में उतरे सभापति अखिलेश सोनकर, घर-घर पहुंचकर सुनी जनता की पीड़ा

धमतरी। भीषण गर्मी के चलते शहर में गहराते जल संकट को लेकर नगर पालिका निगम अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर ने महापौर रामू रोहरा के मार्गदर्शन में पूरे शहर के 40 वार्डों में व्यापक और सघन दौरा अभियान शुरू कर दिया है। इस पहल का उद्देश्य हर वार्ड में पहुंचकर जमीनी हकीकत जानना और तत्काल समाधान सुनिश्चित करना है।
शनिवार सुबह से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत सभापति सोनकर ने जालमपुर वार्ड, महंत घासीदास वार्ड, आमापारा वार्ड और सालेवार पारा वार्ड का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने पानी की सप्लाई, पाइपलाइन व्यवस्था और टैंकर आपूर्ति की स्थिति का जायजा लेते हुए स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद किया। लोगों ने पानी की कमी, अनियमित सप्लाई और लीकेज जैसी समस्याओं से अवगत कराया।
दोपहर में यह दौरा और तेज हुआ, जब सभापति लालबगीचा वार्ड, हाटकेश्वर वार्ड, सुभाष नगर और शीतला पारा वार्ड पहुंचे। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में जल संकट गंभीर है, वहां तत्काल टैंकरों की संख्या बढ़ाई जाए और पाइपलाइन सुधार कार्य युद्धस्तर पर किया जाए।
इस दौरान सभापति ने स्पष्ट कहा कि “गर्मी के इस दौर में पानी की समस्या को किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। हर वार्ड में लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी और जहां भी शिकायत मिलेगी, उसका तुरंत समाधान होगा।”
इस अभियान में पार्षद हेमंत बंजारे, कुलेश सोनी, हिमानी, संजय देवांगन, भागवत साहू, पंचराम सिन्हा, मंगलु निर्मलकर और प्रह्लाद मंडावी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं को सामने रखा और समाधान में सहयोग किया।
नगर निगम की इस पहल से शहरवासियों में उम्मीद जगी है कि भीषण गर्मी के बीच उन्हें जल संकट से राहत मिल सकेगी। लगातार हो रहे इन दौरों से यह संकेत साफ है कि प्रशासन अब केवल कागजों तक सीमित नहीं, बल्कि मैदान में उतरकर काम कर रहा है।



