छत्तीसगढ़

धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 9 गौवंश मुक्त पिकअप जब्त- 2 आरोपी गिरफ्तार


धमतरी-जिले में गौवंशों के अवैध एवं क्रूरता पूर्वक परिवहन के खिलाफ धमतरी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना मगरलोड अंतर्गत चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने 9 नग गौवंश (बछड़े) को सुरक्षित बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन (क्रमांक CG 04 QL 5867) में गौवंशों को ठूंस-ठूंसकर, बिना चारा-पानी के अमानवीय तरीके से बरबसपुर (जिला दुर्ग) से मुसुरपुट्टा बाजार (सिहावा, जिला धमतरी) की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही चौकी करेलीबड़ी पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए ग्राम करेलीबड़ी के नंगरा नाला स्थित बजरंग बली मंदिर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
जांच के दौरान वाहन में 7 लाल और 2 सफेद रंग के कुल 9 बछड़े बेहद क्रूर अवस्था में भरे हुए पाए गए। मौके पर वाहन चालक अभिलाष कुमार साहू (25 वर्ष) एवं उसका साथी राहुल यादव (27 वर्ष), दोनों निवासी बरबसपुर, थाना रानीतराई, जिला दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों द्वारा गौवंश परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
कार्रवाई के दौरान बोलेरो पिकअप वाहन, उसके दस्तावेज तथा सभी गौवंशों को विधिवत जब्त किया गया। बरामद गौवंशों को सुरक्षित रखने हेतु गौशाला में भेजा गया है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि पशुओं के प्रति क्रूरता पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button