छत्तीसगढ़

धमतरी में अपराध पर सख्ती: जुआ-सट्टा पर जीरो टॉलरेंस, नशे के कारोबार पर कसेगा शिकंजा


धमतरी। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जुआ-सट्टा जैसे अवैध कृत्यों को पूरी तरह समाप्त किया जाए और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा न जाए।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी प्रकार का संरक्षण न दिया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि जुआ-सट्टा संचालित करने वाले या तो तुरंत यह काम बंद कर दें या जिला छोड़ दें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इन गतिविधियों में संलिप्त नेटवर्क और सहयोगियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में “ऑपरेशन निश्चय” की समीक्षा भी की गई, जिसके तहत जिले में मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज की जा रही है। 30 टीमों के कार्यों का विस्तृत मूल्यांकन करते हुए एसपी ने निर्देश दिए कि केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि ठोस और परिणाम देने वाली कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में नशे के अवैध कारोबार पर और सख्ती बरती जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि यदि किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता अवैध गतिविधियों में पाई जाती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी और संबंधित प्रभारी की जिम्मेदारी तय होगी।
इसके अलावा “ऑपरेशन तलाश” के तहत गुमशुदा व्यक्तियों, खासकर बच्चों और महिलाओं की शीघ्र खोज को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। थाना स्तर पर टीमों को और सक्रिय करने, तकनीकी संसाधनों और सोशल मीडिया का उपयोग बढ़ाने तथा बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया गया। इस अभियान में बेहतर कार्य करने वाले थानों को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की गई है।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी सहित सभी थाना प्रभारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button