खेल पखवाड़ा में महिलाओं का उत्साह चरम पर, 300 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

धमतरी। खेल पखवाड़ा के तहत आयोजित महिला खेल प्रतियोगिताओं में शहर सहित ग्रामीण अंचलों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया। मिशन मैदान में आयोजित इस आयोजन में करीब 300 से अधिक महिलाओं ने विभिन्न पारंपरिक खेलों में भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत नींबू-चम्मच दौड़, मटकी फोड़, कुर्सी दौड़, फुगड़ी, बिल्लस और रस्सी दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन खेलों में प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उमंग के साथ भाग लिया। विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए थे, जिससे प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ गया।
समापन अवसर पर आयोजक पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि समाज में खेलों के प्रति जागरूकता लाने में मातृशक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उनके माध्यम से ही स्वस्थ, सक्षम और मजबूत पीढ़ी का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि खेल पखवाड़ा इस दिशा में एक सार्थक पहल है, जो समाज को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करेगा।
इस आयोजन में मुख्य सलाहकार हेमलता शर्मा, पार्वती वाधवानी, चंद्रकला पटेल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन प्राची सोनी और हर्षा महेश्वरी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन हेमलता शर्मा ने किया।
कार्यक्रम को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने की इस पहल की सभी ने सराहना की।



