महात्मा गांधी वार्ड में सियान गुड़ी का भव्य शुभारंभ, बुजुर्गों को मिला सम्मान और सुविधाओं से युक्त नया केंद्र

धमतरी (प्रखर)शहर के महात्मा गांधी वार्ड में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सियान गुड़ी का आज भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की बड़ी उपस्थिति देखने को मिली। सियान गुड़ी का उद्घाटन सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी, सांसद भोजराज नाग, विधायक ओंकार साहू, विधायक अंबिका मरकाम तथा कलेक्टर अबिनाश मिश्रा व महापौर रामू रोहरा के हाथों किया गया। कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।
सियान गुड़ी के शुभारंभ से क्षेत्र के बुजुर्गों में विशेष उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से बुजुर्गों के लिए ऐसे स्थान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जहां वे एक साथ बैठकर समय बिता सकें, आपस में विचारों का आदान-प्रदान कर सकें और विभिन्न सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग ले सकें। समाज कल्याण विभाग की इस पहल से बुजुर्गों को एक सम्मानजनक और सक्रिय मंच उपलब्ध हुआ है।
इस सियान गुड़ी में बुजुर्गों की सुविधा और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए कई प्रकार की व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां केरम और चेस जैसे इनडोर खेलों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे बुजुर्ग अपना समय मनोरंजन के साथ बिता सकेंगे। इसके साथ ही पढ़ने और अध्ययन के लिए लाइब्रेरी कक्ष की व्यवस्था की गई है, जहां विभिन्न पुस्तकें और समाचार पत्र उपलब्ध रहेंगे।
स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यहां अस्पताल कक्ष भी बनाया गया है, जहां समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा आध्यात्मिक गतिविधियों के लिए भजन कक्ष और स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए योग कक्ष की भी व्यवस्था की गई है, ताकि बुजुर्ग नियमित रूप से योग और ध्यान जैसी गतिविधियों में भाग ले सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सियान गुड़ी केवल एक भवन नहीं है, बल्कि यह बुजुर्गों के सम्मान, अनुभव और मार्गदर्शन का केंद्र है। यहां बुजुर्ग एक-दूसरे के साथ समय बिताने के साथ-साथ अपने अनुभवों को नई पीढ़ी के साथ साझा कर सकेंगे। इससे समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना और भी मजबूत होगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इस पहल को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सियान गुड़ी जैसे केंद्रों के माध्यम से बुजुर्गों को सक्रिय और स्वस्थ जीवन जीने का अवसर मिलेगा। साथ ही समाज में आपसी सहयोग और सामंजस्य की भावना को भी बढ़ावा मिलेगा।



