धमतरी में नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा, चिट्टा बेचते दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी(प्रखर) जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने बस स्टैंड के पीछे से हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन, नगदी, कार और मोबाइल फोन सहित लगभग 2.29 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली धमतरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के पीछे एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार (क्रमांक CG-13-C-4422) में दो युवक अवैध मादक पदार्थ रखकर उसकी बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 10.30 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 47 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा मादक पदार्थ की बिक्री से संबंधित 12 हजार रुपये नकद, एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार, एक आईफोन-11, एक वीवो Y31 स्मार्टफोन (जियो सिम सहित) तथा अन्य सामग्री जैसे लाइटर और एल्युमिनियम फॉयल भी जब्त किया गया। जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 2 लाख 29 हजार रुपये आंका गया है।
पुलिस ने इस मामले में कमर रजा (28 वर्ष), निवासी सदर बाजार धमतरी और मोहम्मद शोएब अख्तर (26 वर्ष), निवासी केला बाड़ी दुर्ग को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार, तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी है कि वे ऐसे अवैधानिक कार्यों से दूर रहें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



