राष्ट्रीयछत्तीसगढ़शिक्षा एवं रोजगार

नगर निगम कार्यालय का आज होगा घेराव, 40 वार्डों में कांग्रेस ने किया जनसंपर्क, शहरवासियों से मांगा समर्थन

नगर निगम कार्यालय का आज होगा घेराव, 40 वार्डों में कांग्रेस ने किया जनसंपर्क, शहरवासियों से मांगा समर्थन

 

धमतरी। नगर पालिक निगम धमतरी की कार्यप्रणाली के विरोध में कांग्रेस पार्षद दल एवं कांग्रेस संगठन के नेतृत्व में आज नगर निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। पट्टा विहीन परिवारों को आवास उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना की रुकी हुई किश्त जारी कराने तथा शहर की विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पिछले कई दिनों से शहर के सभी 40 वार्डों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने घर-घर पहुंचकर नागरिकों से चर्चा की और बड़ी संख्या में घेराव में शामिल होने की अपील की।

 

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि शहर में कई ऐसे परिवार हैं जो वर्षों से पट्टे और आवास की प्रतीक्षा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अनेक हितग्राहियों की किश्तें लंबे समय से रुकी हुई हैं, जिससे गरीब परिवारों का मकान निर्माण अधूरा पड़ा है। इसके अलावा पेयजल, सड़क, नाली, सफाई, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी लोगों में भारी नाराजगी है। इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस आज नगर निगम कार्यालय का घेराव कर जनता की आवाज बुलंद करेगी।

 

कांग्रेस शहर अध्यक्ष योगेश शर्मा ने कहा कि नगर निगम की लापरवाही और जनसमस्याओं के प्रति उदासीन रवैये के कारण आम जनता परेशान है। पट्टा विहीन परिवार वर्षों से अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को समय पर किश्त नहीं मिलने से उनका सपना अधूरा पड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आम जनता की आवाज बनकर संघर्ष करती रही है और आगे भी जनहित के मुद्दों पर मजबूती से लड़ाई लड़ती रहेगी। उन्होंने धमतरी शहर के सभी नागरिकों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से आज होने वाले नगर निगम घेराव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस जनआंदोलन को सफल बनाने की अपील की।

 

कांग्रेस पार्षद दल के अनुसार घेराव कार्यक्रम आज प्रातः 11 बजे मकई चौक से प्रारंभ होगा। यहां से कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में शहरवासी रैली के रूप में मकई चौक से सदर बाजार होते हुए नगर पालिक निगम कार्यालय पहुंचेंगे, जहां नगर निगम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन और घेराव किया जाएगा।

 

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि धमतरी शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों एवं आम नागरिकों का भी इस आंदोलन को समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि शहर की जनता के अधिकारों और जनहित से जुड़ा आंदोलन है। यदि इसके बाद भी जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button