स्पेशल ओलंपिक्स में कांस्य पदक जीतकर सत्यांशु दीप ने बढ़ाया धमतरी और देश का मान
कर्तव्य और खेल दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सत्यांशु दीप पूरे नगर निगम परिवार के लिए प्रेरणा, युवाओं के लिए मिसाल- नीलेश लूनिया
स्पेशल ओलंपिक्स में कांस्य पदक जीतकर सत्यांशु दीप ने बढ़ाया धमतरी और देश का मान
कर्तव्य और खेल दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सत्यांशु दीप पूरे नगर निगम परिवार के लिए प्रेरणा, युवाओं के लिए मिसाल- नीलेश लूनिया
धमतरी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया कप-2026 में भारतीय स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम के सदस्य के रूप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर धमतरी और पूरे देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ी सत्यांशु दीप को नगर निगम धमतरी के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के सभापति नीलेश लूनिया ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को धमतरी के लिए ऐतिहासिक और प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि सत्यांशु दीप ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम के दम पर किसी भी मुकाम तक पहुंचा जा सकता है।
नीलेश लूनिया ने कहा कि सत्यांशु दीप नगर निगम धमतरी में स्वीपर के रूप में पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं देते हुए खेल के क्षेत्र में भी देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह केवल उनके व्यक्तिगत संघर्ष और सफलता की कहानी नहीं, बल्कि पूरे नगर निगम परिवार, धमतरी जिले और छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। एक सामान्य कर्मचारी का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत की जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करना और पदक जीतकर लौटना यह दर्शाता है कि प्रतिभा किसी पद या परिस्थिति की मोहताज नहीं होती।
उन्होंने कहा कि सत्यांशु दीप की सफलता नगर निगम के सभी कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है। सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। लगातार अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उनकी यह उपलब्धि धमतरी के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी और विशेष प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का आत्मविश्वास देगी।
नीलेश लूनिया ने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन देना समाज का दायित्व है। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी मजबूत करते हैं। सत्यांशु दीप ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से यह सिद्ध कर दिया है कि यदि प्रतिभा को अवसर और प्रोत्साहन मिले तो धमतरी के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता का परचम लहरा सकते हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सत्यांशु दीप आने वाले समय में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर धमतरी, छत्तीसगढ़ और भारत का नाम निरंतर रोशन करेंगे तथा नई पीढ़ी को अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देते रहेंगे।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर नीलेश लूनिया ने सत्यांशु दीप, उनके माता-पिता एवं परिवारजनों, प्रशिक्षकों, सार्थक स्कूल, स्पेशल ओलंपिक्स भारत–छत्तीसगढ़, भारतीय स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम तथा इस उपलब्धि में सहयोग करने वाले सभी लोगों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि धमतरी को अपने इस होनहार खिलाड़ी पर गर्व है और पूरा शहर उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि का सम्मान करता है।



