राहुल गांधी के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा का घेराव अभियान, रायपुर में राजीव भवन के बाहर जुटेंगे कार्यकर्ता

राहुल गांधी के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा का घेराव अभियान, रायपुर में राजीव भवन के बाहर जुटेंगे कार्यकर्ता
रायपुर। प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने देशभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर में भी भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन का घेराव करेंगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर कांग्रेस के रवैये के विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है। पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में पहुंचकर विरोध दर्ज कराने की अपील की है। भाजपा के इस प्रदर्शन को देखते हुए रायपुर में राजनीतिक माहौल गरमाने के आसार हैं। दोनों प्रमुख दलों के आमने-सामने आने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। राजधानी में आज भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी के साथ सड़क पर भी राजनीतिक टकराव देखने को मिल सकता है।
भाजपा का आरोप है कि राहुल गांधी ने दुर्भावनापूर्ण मंशा के साथ प्रधानमंत्री आवास के सामने धरना देकर हंगामा किया और प्रधानमंत्री की सुरक्षा को खतरे में डालने की कोशिश की। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस राजनीतिक विरोध के नाम पर विरोधियों के घरों के बाहर प्रदर्शन जैसी परंपरा को बढ़ावा दे रही है। इसी के विरोध में पार्टी आज देशभर में प्रदेश कांग्रेस कार्यालयों का घेराव करेगी। इधर, दोनों दलों के आमने-सामने आने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और संभावित टकराव को रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।



