छत्तीसगढ़

उत्कल समाज ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सत्यांशु दीप का किया भव्य स्वागत

युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं सत्यांशु- सरिता दोशी

उत्कल समाज ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सत्यांशु  दीप का किया भव्य स्वागत

युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं सत्यांशु- सरिता दोशी

धमतरी। स्पेशल ओलंपिक्स गोटिया कप 2026 में कांस्य पदक जीतकर धमतरी, छत्तीसगढ़ और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने वाले उत्कल समाज के होनहार खिलाड़ी सत्यांशु  दीप का धमतरी आगमन पर उत्कल समाज की ओर से घड़ी चौक में आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। समाज के पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों, युवाओं एवं खेल प्रेमियों ने पुष्पमाला पहनाकर, गुलदस्ता भेंट कर तथा मिठाई खिलाकर उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि सत्यांशु  दीप ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल उत्कल समाज बल्कि पूरे धमतरी जिले, छत्तीसगढ़ और भारत का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह सफलता समाज के प्रत्येक युवा के लिए प्रेरणा का स्रोत है तथा यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

सार्थक स्कूल की संचालिका श्रीमती सरिता दोशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “सत्यांशु राज दीप की उपलब्धि हम सभी के लिए गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी भी परिस्थिति की मोहताज नहीं होती। यदि बच्चों को परिवार, समाज और शिक्षकों का उचित मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन मिले तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। सत्यांशु की सफलता प्रदेश के हजारों बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। हमें ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का सम्मान करने के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग करना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं तथा खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच का विकास होता है। सत्यांशु की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देगी।

कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजनों ने सत्यांशु दीप के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी देश के लिए अनेक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर धमतरी और भारत का गौरव बढ़ाते रहेंगे। स्वागत समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सत्यांशु का उत्साहवर्धन किया और उनकी उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। समारोह का वातावरण उत्साह, गौरव और सम्मान की भावना से सराबोर रहा।

Author Desk

Related Articles

Back to top button