11 दिनों के प्रवास के बाद आज अपने धाम लौटेंगे महाप्रभु, धमतरी में निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा वापसी
जगदीश मंदिर ट्रस्ट की व्यापक तैयारियां पूरी, शहरभर में भक्ति और उत्साह का माहौल
11 दिनों के प्रवास के बाद आज अपने धाम लौटेंगे महाप्रभु, धमतरी में निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा वापसी
जगदीश मंदिर ट्रस्ट की व्यापक तैयारियां पूरी, शहरभर में भक्ति और उत्साह का माहौल
धमतरी (प्रखर)। भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा की पावन रथयात्रा की वापसी आज श्रद्धा, आस्था और भक्ति के वातावरण में निकाली जाएगी। दोपहर 1 बजे राष्ट्रीय गौशाला बिलाईमाता मंदिर से प्रारंभ होने वाली यह भव्य शोभायात्रा सदर बाजार, सिहावा चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री जगदीश मंदिर पहुंचेगी। यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। पूरे मार्ग में भगवान जगन्नाथ के जयघोष, भजन-कीर्तन, पुष्पवर्षा और स्वागत की विशेष तैयारियां की गई हैं।
हिंदू धर्म में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। मान्यता के अनुसार भगवान जगन्नाथ वर्ष में एक बार अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए अपने धाम से निकलकर मौसी के घर (गुंडिचा मंदिर) जाते हैं। वहां लगभग 11दिनों तक विश्राम करने के बाद भगवान अपने मूल मंदिर लौटते हैं, जिसे बहुदा यात्रा या रथयात्रा वापसी कहा जाता है। इस पावन अवसर पर भगवान के रथ को खींचना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है तथा श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होने की मान्यता है।
रथयात्रा वापसी को लेकर श्री जगदीश मंदिर ट्रस्ट द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। यात्रा मार्ग की साफ-सफाई, आकर्षक सजावट, पेयजल, प्रसाद वितरण, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वयंसेवकों की विशेष टीम तैनात की गई है। शहरभर में धार्मिक उत्साह का माहौल है और श्रद्धालु भगवान के स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
श्री जगदीश मंदिर पहुंचने पर भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन होगा। पूजा-अर्चना पंडित बालकृष्ण शर्मा एवं गौरव शर्मा के सान्निध्य में संपन्न होगी।
श्री जगदीश मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष किरण कुमार गांधी ने बताया कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा, भाईचारे और मानव कल्याण का संदेश देने वाला महापर्व है। उन्होंने नगरवासियों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
रथयात्रा की व्यवस्थाओं एवं सेवा कार्य में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, अखिल भारत गुजराती समाज एवं भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह-कार्यालय मंत्री प्रतीश गांधी सहित ट्रस्ट के उपाध्यक्ष सत्यनारायण राठी, सचिव प्रकाश गांधी, सहसचिव मोहन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष लखमशी भानुशाली, ट्रस्टी श्यामसुंदर अग्रवाल, डॉ. हीरा महावर, श्याम अग्रवाल, हर्षद मेहता, गोपाल शर्मा, लक्ष्मीचंद बाहेती, अजय अग्रवाल, विपिन पटेल, मदनमोहन खंडेलवाल, बिहारीलाल अग्रवाल, दयाराम अग्रवाल, रमेश लाट, भारत सोनी, बालकृष्ण शर्मा महाराज, अनिल मित्तल, विनोद अग्रवाल, रविकांत अग्रवाल, दिलीप सोनी, विकास अग्रवाल, हितेश अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, महेंद्र पंडित, राजेंद्र शर्मा, कीर्ति शाह, गोवर्धन सोनी, महेंद्र राजपुरिया, हरी कटारिया, अजीत खंडेलवाल, अनुराग महावर, कुलेश सोनी, पिंटू यादव, प्राजेंद्र लुकड़, सूरज शर्मा, रवि शर्मा, निशित पटेल, अंशुल महावर, प्रजय महावर, सुनील सोनी, जयेश मेहता, सुबोध ठाकुर, अनंत शाह, राम शर्मा, आकाश जासूजा, गोलू ठाकुर, प्रतापराव कृतूत, सूर्यप्रकाश अग्रवाल, प्रियंक गांधी, राकेश चंदवानी, दुश्यंत, वेदांत खंडेलवाल तथा अन्य समाजसेवी एवं स्वयंसेवक सेवा कार्य में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
धमतरी में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा वर्षों से धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक रही है। हर वर्ष इस आयोजन में सभी समाज एवं वर्गों के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। इस बार भी भव्य और दिव्य रथयात्रा वापसी को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल होने एवं धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।



