छत्तीसगढ़

भखारा-भठेली में गूंजा तिरंगा, देशभक्ति के नारों से सराबोर हुई भव्य तिरंगा यात्रा

शहीद सेनानियों की वेशभूषा में पहुंचे स्कूली बच्चे, “भारत माता की जय” और “तिरंगा जिंदाबाद” के नारों से गूंजा नगर

भखारा-भठेली में गूंजा तिरंगा, देशभक्ति के नारों से सराबोर हुई भव्य तिरंगा यात्रा

शहीद सेनानियों की वेशभूषा में पहुंचे स्कूली बच्चे, “भारत माता की जय” और “तिरंगा जिंदाबाद” के नारों से गूंजा नगर

 

भखारा। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के आह्वान पर “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा” अभियान के तहत 7 से 13 अगस्त तक चल रहे अभियान की कड़ी में गुरुवार को नगर पंचायत भखारा-भठेली में भव्य एवं उल्लासपूर्ण तिरंगा यात्रा निकाली गई।

 

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ रामलीला मैदान भखारा से हुआ। रैली पुराना बाजार चौक, मयंक की दुकान के पास से होते हुए बरेली माता चौक, नया तालाब, दुर्गा मंच एवं स्वागत द्वार मैथिली मोड़ से होकर नगर पंचायत कार्यालय पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।

 

रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शहीद सेनानियों की वेशभूषा में शामिल हुए और आकर्षक प्रस्तुतियों से यात्रा की शोभा बढ़ाई। बच्चों एवं नागरिकों ने “शहीदों के जयकारे”, “भारत माता की जय” और “तिरंगा जिंदाबाद” जैसे देशभक्ति के नारों से नगर के मुख्य मार्गों को गुंजायमान कर दिया।

 

यात्रा के दौरान नगरवासियों का उत्साह देखते ही बनता था। नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

 

विधायक प्रतिनिधि हरख जैन ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश

 

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि हरख जैन (पप्पू) ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश की पहचान नहीं, बल्कि हमारे गौरव, स्वाभिमान और बलिदान का प्रतीक है। देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को देशवासी कभी नहीं भूल सकते।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा” अभियान ने देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता की भावना को और मजबूत किया है। भखारा-भठेली की यह तिरंगा यात्रा भी इसी राष्ट्रभावना का प्रतीक है।

 

श्री जैन ने शहीद सेनानियों की वेशभूषा में शामिल स्कूली बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को देश के वीरों की गाथाओं और स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।

जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की रही सहभागिता

 

इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकृष्ण पावरिया, नेता प्रतिपक्ष अविनाश गौर (बिट्टू), उपाध्यक्ष विष्णु साहू सहित सभापति गण छबिलाल निर्मलकर, हितेंद्र साहू, भूपेश्वरी चंदेल, परदेसी कंवर, भानु प्रताप गायकवाड़, चांदनी साहू, मेघनाथ साहू, भूपेंद्र यादव, दीनानाथ साहू, खेमलता साहू, जितेंद्र साहू, चक्र सुदर्शन चंदेल, गौतमी पटेल, धनुष देवांगन, संतोष साहू, किशोर गौर, दीनू निर्मलकर, डॉ. मोहन हरदेल एवं समीर गौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, शिक्षक, विद्यार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

 

भव्य तिरंगा यात्रा ने पूरे नगर में देशभक्ति, एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी वर्गों की सहभागिता ने “हर घर तिरंगा” अभियान को जन-जन का अभियान बना दिया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button