छत्तीसगढ़

आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाया रूद्रेश्वर मंदिर घाट, सेवा और राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प

‘आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाया रूद्रेश्वर मंदिर घाट, सेवा और राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प

धमतरी- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की सेवा के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत रूद्री स्थित ऐतिहासिक रूद्रेश्वर मंदिर घाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। संध्या समय बड़ी संख्या में प्रज्ज्वलित दीपों से मंदिर घाट जगमगा उठा। दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से सेवा, समर्पण, सुशासन, विकास और राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक संकल्प व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अजय चंद्राकर रहे। इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय, जनपद पंचायत धमतरी की अध्यक्ष अंगीरा ध्रुव, निगम सभापति कौशल्या देवांगन, पूर्व विधायक रंजना साहू, जिला पंचायत सदस्य मोनिका देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अतिथियों ने ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ चारों विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, गांवों, चौक-चौराहों, शासकीय कार्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल-कॉलेज परिसरों, प्रतिष्ठानों और घरों में भी नागरिक दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कर्णेश्वर महादेव मंदिर सिहावा, विंध्यवासिनी मंदिर धमतरी और अंगारमोती माता मंदिर गंगरेल सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जनमन आवास एवं अटल आवास परिसरों में भी नागरिकों ने सहभागिता दर्ज कराई।
मुख्य अतिथि विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने जिलेवासियों से सेवा और विकास की भावना को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा और संस्कार की सुंदर अभिव्यक्ति है। जिस प्रकार दीपक अंधकार को दूर कर प्रकाश फैलाता है, उसी प्रकार सेवा का भाव समाज में सकारात्मकता, विश्वास और सहयोग का प्रकाश फैलाता है।
पूर्व विधायक रंजना साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान ने सेवा को जनभागीदारी से जोड़ने का कार्य किया है। भारतीय संस्कृति में दीप प्रज्ज्वलन शुभता, आशा और नई ऊर्जा का प्रतीक है। प्रत्येक दीपक जनसेवा, सामाजिक दायित्व और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों एवं स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। रूद्रेश्वर मंदिर घाट पर एक साथ जगमगाते दीपों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और गरिमामय बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में रूद्रेश्वर मंदिर घाट पर गंगा आरती का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं एवं उपस्थित नागरिकों ने भक्तिभाव के साथ आरती में सहभागिता की। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button