चर्च में दर्दनाक हादसा, प्रार्थना करा रहे पादरी पर गिरा भारी क्रूस, मौत, लाइव प्रसारण में कैद हुई घटना

चर्च में दर्दनाक हादसा, प्रार्थना करा रहे पादरी पर गिरा भारी क्रूस, मौत, लाइव प्रसारण में कैद हुई घटना
क्विटो (इक्वाडोर)। दक्षिण-पश्चिमी इक्वाडोर के ग्वायाकिल शहर में चर्च के भीतर प्रार्थना सभा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां शाम की प्रार्थना करा रहे रोमन कैथोलिक पादरी पैट्रिसियो सांचेज की उनके पीछे दीवार पर लगा भारी क्रूस गिरने से मौत हो गई। यह पूरी घटना सोशल मीडिया पर प्रार्थना सभा के लाइव प्रसारण के दौरान कैमरे में कैद हो गई।
प्रार्थना के दौरान अचानक गिरा भारी क्रूस
जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार शाम ग्वायाकिल स्थित परपेतुओ सोकोरो चर्च में हुई। पादरी पैट्रिसियो सांचेज श्रद्धालुओं के साथ प्रार्थना कर रहे थे और धार्मिक अनुष्ठान का संचालन कर रहे थे। इसी दौरान उनके ठीक पीछे दीवार पर लगा भारी लकड़ी का क्रूस अचानक उखडक़र उनके ऊपर गिर पड़ा।
लाइव प्रसारण के वीडियो में क्रूस को अचानक गिरते हुए देखा जा सकता है। बताया गया कि पादरी को क्रूस गिरने का आभास नहीं हुआ और उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला। हादसे के बाद चर्च में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे।
लाइव प्रसारण में कैद हुआ हादसा
घटना के समय चर्च में चल रही प्रार्थना सभा का इंटरनेट मीडिया पर सीधा प्रसारण किया जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। क्रूस गिरने के बाद भी कुछ समय तक लाइव प्रसारण जारी रहा, जबकि चर्च में मौजूद लोग पादरी की मदद के लिए आगे आए। स्थानीय अधिकारियों की ओर से घटना को लेकर तत्काल कोई आधिकारिक टिप्पणी सामने नहीं आई।
धार्मिक संघ से जुड़े थे पादरी
पादरी पैट्रिसियो सांचेज मोस्ट होली रिडीमर धर्मसभा से जुड़े थे। यह रोमन कैथोलिक धार्मिक संघ वर्ष 1732 में स्थापित हुआ था और दुनिया के करीब 80 देशों में इसकी मौजूदगी बताई जाती है। राजधानी क्विटो से लगभग 265 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित ग्वायाकिल एक प्रमुख तटीय शहर है। चर्च में हुई इस घटना से स्थानीय धार्मिक समुदाय में शोक का माहौल है।



