गरियाबंद में नक्सलियों का विस्फोटक डंप बरामद, टिफिन आईईडी और चार यूबीजीएल राउंड मौके पर किए गए नष्ट

गरियाबंद में नक्सलियों का विस्फोटक डंप बरामद, टिफिन आईईडी और चार यूबीजीएल राउंड मौके पर किए गए नष्ट
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया गया है। इसमें 2.5 किलोग्राम वजन की टिफिन आईईडी, चार यूबीजीएल राउंड, कोडेक्स वायर, खाली खोखे, दवाइयां और रोजमर्रा के उपयोग का सामान शामिल है। संभावित खतरे को देखते हुए बम निरोधक दस्ते ने विस्फोटक सामग्री को निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के नक्सल मुक्त घोषित होने के बाद से सुरक्षा बल जंगलों में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में मैनपुर थाना क्षेत्र के कुल्हाड़ीघाट, कठवा और गंवरमुड़ के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस कार्रवाई में सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीमें शामिल थीं।
अभियान के दौरान गोवरमुंडा के पास एक पुलिया के नजदीक संदिग्ध सामग्री मिलने पर सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की। जांच के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सल डंप मिला। इसमें विस्फोटक सामग्री होने की आशंका के चलते सीआरपीएफ के बम खोज एवं निष्क्रियकरण दस्ते (बीडीएस) को मौके पर बुलाया गया।
बीडीएस की टीम ने जांच के दौरान 2.5 किलोग्राम वजन की एक टिफिन आईईडी, चार यूबीजीएल राउंड, दो मीटर कोडेक्स वायर, 15 खाली खोखे, दवाइयां और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री बरामद की। विस्फोटकों से संभावित खतरे को देखते हुए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) और सुरक्षा उपायों का पालन किया गया। इसके बाद टिफिन आईईडी और चारों यूबीजीएल राउंड को घटनास्थल पर ही नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया गया।
सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन ने कहा है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेंगे। सुरक्षा बल जंगलों में संदिग्ध ठिकानों और छिपाकर रखी गई सामग्री की तलाश कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र में किसी भी संभावित खतरे को समय रहते समाप्त किया जा सके।

