छत्तीसगढ़

मनेंद्रगढ़ में भीषण बस हादसा, मृतकों की संख्या 6 पहुंचने की खबर; 15 यात्री घायल, अस्पताल में मची अफरा-तफरी

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर पहाड़हंसवाही के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें कई यात्री घायल हो गए। शुरुआती जानकारी में चालक समेत दो लोगों की मौत की खबर सामने आई थी, वहीं अब हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर छह होने की सूचना मिल रही है। हालांकि, मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार, राहत-बचाव कार्य शुरू

बस दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से मनेंद्रगढ़ के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में करीब 15 यात्री घायल हुए हैं। दुर्घटना में हताहत हुए लोगों की वास्तविक संख्या और हादसे के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

अस्पताल पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम शशिशेखर मिश्रा अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, एसपी रत्ना सिंह भी केल्हारी अस्पताल पहुंचीं और घायलों के उपचार से संबंधित स्थिति की जानकारी ली।

पूर्व विधायक गुलाब कमरो भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ केल्हारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मृतकों और घायलों की संख्या पर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

इस भीषण हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी भी सामने आना बाकी है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button