छत्तीसगढ़राजनीति

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस राज में महिलाएं ज्यादा सुरक्षित : सुशील आनंद शुक्ला, भाजपा विधायक रंजना साहू का पलटवार कहा – सत्य से कोसों दूर है कांग्रेस के दावे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में महिलाओं की सुरक्षा और स्थिति को लेकर कांग्रेस भाजपा आमने सामने हो गई है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कांग्रेस सरकार में महिलाओं की स्थिति को बेहतर बताया तो वहीँ भाजपा विधायक रंजना साहू ने पलटवार कर दावों को सत्य से दूर बता दिया।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भूपेश राज में महिलाओं के लिये जीवन जीने के लिये ज्यादा सुरक्षित माहौल बना है। छत्तीसगढ़ की छवि खराब करने तथा अपनी गलतियों को छुपाने छत्तीसगढ़ के खिलाफ सुनियोजित दुष्प्रचार केंद्र की मोदी सरकार कर रही है। मणिपुर में शांति की स्थापना में भाजपा सरकार की असफलता और नकारापन उजागर होने के बाद से प्रधानमंत्री मोदी छत्तीसगढ़ को बदनाम करने की नियत से झूठे मनगढ़त आरोप लगा तथ्यों को तोड़ा मरोड़ा जा रहा है।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा छत्तीसगढ़ में राजनीतिक लड़ाई नहीं लड़ पा रही है इसलिये मोदी सरकार, सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। पीआईबी ने अपने वेबसाइट में 26 जुलाई को मीसिंग वुमेन शीर्षक से जारी विज्ञप्ति में महिला एवं बच्चियों की गुमशुदगी की जानकारी अधूरी है। पीआईबी ने तीन वर्षो में दर्ज मामले की जानकारी दी है लेकिन उक्त प्रकरणों में हुई कार्यवाही के संबंध में छिपाया है। पीआईबी ने आंकड़ा जारी किया कि छत्तीसगढ़ में 59933 महिलायें तीन साल में गायब हो गयी जबकि इस मामले में हुई प्रभावी कार्यवाही को जानबूझकर छुपाया गया। इन आंकड़ों में 2018 में गायब महिलाओं और बच्चों को भी जोड़ा गया है। इन 59933 गायब महिलाओं में 55713 बरामद की जा चुकी है। 2019 से 2021 तक कुल गुम 10817 बालिकाओं में से 10514 बालिकाओं को बरामद किया गया जो 97 प्रतिशत है। 2019 से 2021 तक कुल गुम 49116 महिलाओं में से 45199 महिलाओं को बरामद किया गया जो 92 प्रतिशत है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं के साथ अपराधों में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद 62 प्रतिशत की कमी आई है। कांग्रेस सरकार बनने के तीन साल पहले और कांग्रेस की सरकार बनने के तीन साल बाद महिलाओं के साथ हुये अपराधों के आंकड़े इसकी गवाही देते है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि रमन राज के दौरान सितम्बर 2013 में unodc (यूनाइटेड नेशंस ऑफिस ऑन ड्रग्स एंड क्राइम) की रिपोर्ट आई कि रमन सरकार के दौरान छत्तीसगढ़ मानव तस्करी का केंद्र बन चुका था। दिल्ली मुंबई जैसे महानगरों में रेड लाइट इलाकों में पाई जाने वाली अधिकतर लड़कियां छत्तीसगढ़ के क्षेत्रों से लाई गई थी। महिलाओं और बालिकाओं की तस्करी के आंकड़ों के मामले में छत्तीसगढ़ देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल था। रमन शासनकाल में 27000 से अधिक महिलाएं लापता थी।

आंकड़ों को लेकर फर्जी दावा कर रही है कांग्रेस संचार विभाग : रंजना साहू

भाजपा विधायक एवं प्रवक्ता रंजना साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं की स्थिति बेहतर नहीं है फिर कांग्रेस किस आधार पर महिलाओं की स्थिति को बेहतर बता रही है। अब लापता महिलाओं को लेकर कांग्रेस ने फर्जी आंकड़े जारी कर वाहवाही लूट रही है। छत्तीसगढ़ में पूरे समय महिलाओं की हालत गंभीर है। जिस तरह से महिलाओं के साथ घटनाएं हुई है वह किसी से छिपी नहीं है। इसके बाद भी कांग्रेस किस आधार पर कह रही है कि छत्तीसगढ़ में महिला हिंसा की स्थिति बेहतर है। वही लापता महिलाओं की सकुशल वापसी हो चुकी है तो कांग्रेस को इसके आंकड़े जारी करनी चाहिए। पूरे घटना पर कांग्रेस केवल बयानबजी कर रही है जिसे पर्दा उठाना जरूरी है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button