नूंह में जलाभिषेक यात्रा के दौरान हिंसा : मरने वालों की संख्या बढ़कर 6, अब तक 116 गिरफ्तार, कर्फ्यू, इंटरनेट सेवा भी बंद

नूंह। हरियाणा के नूंह में कर्फ्यू जारी है। आसपास के शहरों में धारा 144 लगाई गई है। पलवल, सोहाना, मानेसर और पटौदी में इंटरनेट बंद है। विश्व हिंदू परिषद ने हिंसा के विरोध में आज देशव्यापी प्रदर्शन भी बुलाया है। हरियाणा में हिंसा को देखते हुए यूपी के 11 जिलों में अलर्ट किया गया है। मामले में डेढ़ हजार से अधिक लोगों के खिलाफ तीस एफआईआर दर्ज की है।
बता दें कि हरियाणा के नूंह में सोमवार को हुई दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प को लेकर प्रशासन अलर्ट पर है। नूंह में आज भी कर्फ्यू जारी है। उपद्रव को देखते हुए जिला उपायुक्त प्रशांत पंवार ने धारा 144 लागू की है। आज भी इंटरनेट सेवा बंद है। मामले में गिरफ्तारियों का दौर जारी है। पुलिस ने अब तक 116 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, हिंसक घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह पहुंच गई है।
गुरुग्राम में बजरंग दल के नेता प्रदीप शर्मा की मौत के बाद पूरे जिले में आक्रोश बढ़ गया है। इसके मद्देनजर गुरुग्राम पुलिस हाई अलर्ट पर है। शांति व्यवस्था कायम रखने को लेकर आरएएफ की दो कंपनियों को तैनात किया गया है। एक कंपनी सोहना में और एक बादशाहपुर इलाके में तैनात की गई है।
नूंह में उपद्रवियों के हमले में जान गंवाने वाले फतेहाबाद के टोहाना के गांव फतेहपुरी निवासी 32 वर्षीय होमगार्ड गुरसेवक सिंह का बुधवार को गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। गुरसेवक के 5 वर्षीय बेटे एकम सिंह ने अपने पिता को अंतिम विदाई देते हुए सेल्यूट किया तो हर कोई भावुक हो गया। अंतिम संस्कार में डीएसपी शमशेर सिंह सहित काफी पुलिसकर्मियों, ग्रामीणों व राजनेताओं ने भाग लेते हुए गुरसेवक सिंह को श्रद्धांजलि दी।
नूंह में हुई हिंसा की आग गुरुग्राम में अरावली पहाड़ी की गोद में बसे गांव कासन तक पहुंच चुकी है। ताजा जानकारी के मुताबिक, आज बुधवार को उपद्रवियों ने मीट की चार दुकानों में तोड़फोड़ की और एक बाइक को भी नुकसान पहुंचाया। पुलिस के पहुंचते ही उपद्रवी मौके से फरार हो गए। बता दें कि हिंसा की आशंका के चलते गुरुग्राम के सोहना, मानेसर और पटौदी इलाके में इंटरनेट सेवा आज भी बंद है।
गुरुग्राम के ACP क्राइम वरुण दहिया ने कहा कि सभी स्कूल, कॉलेज और कार्यस्थल सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। यातायात की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं है। इंटरनेट भी चालू है। मैं सभी से अपील करता हूं कि सोशल मीडिया पर अफवाहों पर ध्यान न दें। अगर कोई कुछ जानकारी देना चाहता है तो वह हेल्पलाइन नंबर ‘112’ पर संपर्क कर सकता है।



