दिल्ली की ज्वेलरी शॉप में 25 करोड़ के जेवरात चोरी का मास्टर माइंड छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार

रायपुर। दिल्ली की ज्वेलरी शॉप में 25 करोड़ के जेवरात चोरी के मास्टर माइंड को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग की पुलिस ने संयुक्त रूप से दिल्ली पुलिस के साथ कार्रवाई में मास्टर माइंड और अन्य आरोपियों को धर दबोचा है। करोड़ों की चोरी का मुख्य आरोपी लोकेश श्रीवास दिल्ली में वारदात को अंजाम देने के बाद दुर्ग जिले के भिलाई के स्मृति नगर में आकर छुपा था। लोकेश को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर 18 किलो सोना जब्त किया है। जब्त सोने की कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही लोकेश के साथी शिवा चंद्रवंशी को बिलासपुर पुलिस ने कवर्धा से गिरफ्तार किया है। उसके पास से 23 लाख के जेवर जब्त किये गए हैं। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग पुलिस के टीम के साथ-साथ दिल्ली पुलिस की भी अहम भूमिका है। बताया जा रहा है कि लोकेश श्रीवास शातिर चोर है। साल भर पहले ही रायपुर के देवेंद्र नगर की ज्वेलरी शॉप में हुए चोरी के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था। आरोपी हाल ही में जेल से बाहर आया था।
बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने रायपुर पहुचंकर रायपुर पुलिस से मदद मांगी थी जिसके बाद रायपुर पुलिस की टीम भी दिल्ली पुलिस के साथ दुर्ग गई। भिलाई पुलिस ने दिल्ली पुलिस को मामले की सूचना दी थी। बिलासपुर पुलिस की टीम पहले से उसी आरोपी के द्वारा किए गए अपराध की पतासाजी में दुर्ग जिले में मौजूद थी। छापेमारी में चोरी का सामान रिकवर किया गया है। इसमें बिलासपुर में हुई चोरियों का भी सामान मिले हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर एसीसीयू और सिविल लाइन थाने की टीम ने अपने यहां सात चोरी के वारदात को अंजाम देने वाले लोकेश श्रीवास को स्मृतिनगर थाना क्षेत्र, दुर्ग के एक घर से लोकल दुर्ग और रायपुर पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया। उसके पास से बिलासपुर के विभिन्न मामले में चोरी गए 12.50 लाख की जब्ती के साथ कुछ दिन पूर्व दिल्ली जंगपुरा के सनसनीखेज करोड़ों की चोरी की रिपोर्ट के लगभग साढ़े 18 किलो सोना और हीरे आदि ज्वेलरी भी तलाशी में मिली।
इसकी सूचना मिलते ही देर रात दिल्ली पुलिस भी पहुंची। गुरुवार को ही बिलासपुर पुलिस ने शातिर चोर लोकेश के दूसरे साथी शिवा चंद्रवंशी को कवर्धा से ज्वेलरी सहित कुल 23 लाख जुमला माल के साथ पकड़ा लेकिन इस दौरान शातिर चोर लोकेश श्रीवास पुलिस को चकमा देकर खिड़की से कूदकर भाग गया था जिसको दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बिलासपुर पुलिस आरोपी को गिरफ्तार और सम्पूर्ण जब्ती की कार्रवाई कर वापस बिलासपुर आ रही है, जिससे अन्य खुलासा हो सके। वहीं दिल्ली पुलिस भी बिलासपुर पुलिस के साथ बिलासपुर आ रही है।



