
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा है कि कांग्रेस में टिकट की घोषणा से पहले ही जिस तरह का घमासान मचा हुआ है, वह उस भरोसे के खत्म हो जाने का प्रमाण है, जिसके होने का दावा करके कांग्रेस और प्रदेश सरकार के लोग इठलाते फिर रहे हैं। कसडोल विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की बैठक के वायरल वीडियो का हवाला देते हुए नारायण चंदेल ने कहा कि भाजपा से शेष पाँच प्रत्याशियों की घोषणा पर सवाल करने वाले कांग्रेसी नेताओं को भाजपा में भरोसे को लेकर किसी तरह की टिप्पणी करने से पहले अपने गिरेबाँ में झाँक लेना चाहिए। कांग्रेस के लोगों को शीशे के घर में रहकर दूसरों के घरों पर पत्थर उछालने से ही फुर्सत नहीं है।
नारायण चंदेल ने कहा कि कांग्रेस और प्रदेश सरकार के लोग भाजपा की एकजुटता में भी मीन-मेख निकालकर अपनी हताशा को ढँकने की लाख कोशिश करें, लेकिन सच सामने आ ही जाता है। कांग्रेस में सरकार को विधायकों पर, मुख्यमंत्री को उपमुख्यमंत्री पर, विधायकों को सरकार पर, मंत्रियों को पार्टी के पदाधिकारियों पर, पार्टी के विधायकों और नेताओं को कार्यकर्ताओं पर और प्रदेश इकाई पर केंद्रीय नेतृत्व को भरोसा नहीं रह गया है। चंदेल ने कहा कि कसडोल में कांग्रेस विधायक शकुंतला साहू के खिलाफ कार्यकर्ताओं का आक्रोश सामने आया है। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि कांग्रेस प्रभारी, विधायक शकुंतला साहू एवं क्षेत्र के कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता और पदाधिकारी बैठक कर रहे हैं। बैठक में कार्यकर्ता विधायक शकुंतला साहू के खिलाफ़ अपनी तीखी नाराजगी जता रहे हैं और उनकी बातों का समर्थन भी किया जा रहा है।



