क़तर में भारतीय नौसेना के आठ पूर्व अफसरों को मौत की सजा, विदेश मंत्रालय का आया जवाब

कतर की राजधानी दोहा में भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों को मौत की सजा सुनाई गई है। इस मामले में विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि मौत की सजा के फैसले से हम गहरे सदमे में हैं और विस्तृत फैसले का इंतजार कर रहे हैं। हम परिवार के सदस्यों और कानूनी टीम के संपर्क में हैं, और सभी कानूनी विकल्प तलाश रहे हैं। हम इस मामले को बहुत महत्व देते हैं और इस पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं। हम सभी कांसुलर और कानूनी सहायता देना जारी रखेंगे। हम फैसले को कतर के अधिकारियों के समक्ष भी उठाएंगे।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि हमारे पास प्रारंभिक जानकारी है कि कतर की अदालत ने प्रथम दृष्टया आज अल दहरा कंपनी के आठ भारतीय कर्मचारियों से जुड़े मामले में फैसला सुनाया है। यह मामला हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है और वे इस पर कड़ी नजर रख रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि इस मामले की कार्यवाही की गोपनीय प्रकृति के कारण अभी इस पर कोई और टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।



