
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद सचिन पायलट आज छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं. वे दोपहर 1.40 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. जिसके बाद वे सीधे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन जाएंगे. जहां वे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की विस्तारित बैठक लेंगे. इसके बाद 12 जनवरी को सुबह प्रदेश चुनाव समिति की बैठक लेंगे।
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में 14 जनवरी से शुरू होने जा रही राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारी और लोकसभा चुनाव पर चर्चा की जाएगी. इस दौरान सभी 11 लोकसभा क्षेत्रों में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों की पूरी रिपोर्ट लेंगे. कुछ दिनों पहले दिल्ली दौरे से लौटे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि नए प्रभारी का मार्गदर्शन लिया जाएगा. कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भी दिल्ली में उनसे मुलाकात की थी।



