छत्तीसगढ़

प्रदेश में दिन और रात का पारा चढ़ा, आगामी दिनों में धूप के साथ पड़ेगी भीषण गर्मी

प्रदेश में दिन और रात का पारा चढ़ा, आगामी दिनों में धूप के साथ पड़ेगी भीषण गर्मी

रायपुर। प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। रात और दिन का पारा लगातार बढऩे लगा है। प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। आगामी दिनों में तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। बीते दिनों रात और सुबह के समय ठंड, तो दिन भर गर्मी लग रही थी, लेकिन अब तापमान बढऩे से तेज धूप और गर्मी पडऩे वाली है। रविवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। वहीं प्रदेश में सबसे गर्म राजनांदगांव रहा है। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अब प्रदेश में तापमान में बदलाव का दौर शुरू हो गया है। न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। छत्तीसगढ़ के उत्तर और मध्य में न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि हो सकती है। वहीं दक्षिणी भागों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के आसार हैं। रात और सुबह के समय गुलाबी ठंड भी गायब हो जाएगी।

मौसम एक्सपर्ट के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के 9 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इस विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी हवाओं का प्रभाव कमजोर होगा। इससे प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम एक्सपर्ट ने बताया कि प्रदेश में अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। इससे आगामी दिनों में तेज धूप के साथ भीषण गर्मी पड़ सकती है।वहीं राजधानी में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button