मानवता की मिसाल बने विधायक रोहित साहू राजिम के दिव्यांग बच्चों संग कुंभ मेला घूमकर जीत लिया दिल

मीना बाजार में बच्चों के साथ झूले झूलते दिखे विधायक, खुशी से खिल उठे चेहरे
राजिम(प्रखर)राजिम विधायक रोहित साहू ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जनप्रतिनिधि केवल मंचों तक सीमित नहीं होते, बल्कि संवेदनशीलता और अपनापन ही उनकी असली पहचान होती है। विधायक रोहित साहू ने राजिम के दिव्यांग बच्चों को राजीव लोचन कुंभ मेला भ्रमण कराया और उनके साथ समय बिताकर मानवता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।
विधायक रोहित साहू बच्चों को लेकर कुंभ मेला परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों के साथ मीना बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान विधायक स्वयं बच्चों के साथ झूले झूलते, खिलौने देखते और हंसी-मजाक करते नजर आए। विधायक को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरा माहौल उल्लास से भर गया।
मीना बाजार में बच्चों के लिए विशेष रूप से झूले, मनोरंजन और खाने-पीने की व्यवस्था की गई। विधायक ने स्वयं बच्चों का हाथ थामकर उन्हें झूलों पर बैठाया और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। बच्चों की हंसी और उत्साह ने मेले में मौजूद लोगों का भी ध्यान आकर्षित किया।
विधायक रोहित साहू ने कहा कि “दिव्यांग बच्चे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। इन्हें प्यार, सम्मान और खुशी देना हम सबकी जिम्मेदारी है। इनके चेहरे की मुस्कान ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।”
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने विधायक के इस मानवीय पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
इस आत्मीय पहल से न केवल बच्चों को अविस्मरणीय खुशी मिली, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और समरसता का भी मजबूत संदेश गया। राजिम कुंभ मेला इस अवसर पर केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि मानवता और करुणा का जीवंत उदाहरण बन गया।



