छत्तीसगढ़

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से डकैती का खुलासा, अंतरजिला गिरोह के 8 आरोपी गिरफ्तार

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से डकैती का खुलासा, अंतरजिला गिरोह के 8 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी- जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में 11 जुलाई की रात हुई सनसनीखेज डकैती की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए अंतरजिला गिरोह के आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एक्टिवा स्कूटी, वीवो मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद कर ली है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में थाना कुरूद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना एवं वैज्ञानिक विवेचना के आधार पर इस अंधे कत्ल जैसे चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाने में सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार, ग्राम छाती निवासी विमल देशलहरे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई 2026 की रात लगभग 2 बजे वह मगरलोड की ओर जा रहे थे। ग्राम मंदरौद मोड़ स्थित राजू फर्नीचर मार्ट के पास विश्राम के दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट कार में पहुंचे अज्ञात बदमाशों ने उनके साथ मारपीट कर 9 हजार रुपये नकद, वीवो मोबाइल और एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 04 KD 9932 लूट ली तथा मौके से फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कुरूद थाना में अपराध दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी विश्लेषण किया तथा मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदेहियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ, मेमोरेंडम और पहचान परेड के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित ढंग से डकैती की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

जांच के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई एक्टिवा स्कूटी, वीवो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक CG 04 ND 9188 बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि लूटी गई एक्टिवा को ओडिशा के नुवापाड़ा जिले के डरलीमुड़ा गांव में छिपाकर रखा गया था, जिसे पुलिस टीम ने बरामद कर लिया।

विवेचना में यह भी सामने आया कि डकैती की घटना में पांच से अधिक लोगों की सक्रिय भागीदारी थी तथा कुछ आरोपियों ने लूटे गए सामान को छिपाने और उसके परिवहन में सहयोग किया। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गईं।

पुलिस ने इस मामले में रायपुर, बालोद, धमतरी और ओडिशा के नुवापाड़ा जिले के रहने वाले आठ आरोपियों—अनुज ध्रुव, भूपेश उर्फ कंज्जे ध्रुवंशी, संजय विश्वकर्मा, राजेन्द्र उर्फ राहुल निषाद, योगेन्द्र उर्फ योगी यादव, तीरथ यादव, अमन लंगोटे उर्फ बिल्डर तथा पुरन उर्फ राजा रात्रे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी तथा आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button