
347 मतों से दयाराम अग्रवाल बने श्री अग्रवाल समाज धमतरी के नए अध्यक्ष
शांतिपूर्ण मतदान में मिला भारी जनसमर्थन, समाज ने नई कार्यकारिणी से जताई विकास की उम्मीद
धमतरी(प्रखर)श्री अग्रवाल समाज धमतरी के अध्यक्ष पद के लिए गुरुवार को अग्रसेन भवन में शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मतदान सम्पन्न हुआ। समाज के दो वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित सदस्यों दयाराम अग्रवाल और प्रदीप अग्रवाल के बीच हुए इस चुनाव में समाज के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान की प्रक्रिया चली, जिसके बाद देर शाम मतगणना कर परिणाम घोषित किए गए।
चुनाव अधिकारियों द्वारा घोषित परिणाम के अनुसार कुल 829 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 579 मत पड़े। इनमें 22 मत निरस्त घोषित किए गए। वैध मतों की गणना में दयाराम अग्रवाल को 347 मत प्राप्त हुए, जबकि प्रदीप अग्रवाल को 200 मत मिले। इस प्रकार दयाराम अग्रवाल ने शानदार जीत दर्ज करते हुए श्री अग्रवाल समाज धमतरी के नए अध्यक्ष बनने का गौरव प्राप्त किया।
चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सीए सुरेश गोयल, शरद अग्रवाल, सलज अग्रवाल तथा पीजी कॉलेज के सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. चंद्रशेखर चौबे को चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उनके निर्देशन में पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई।
मतदान के दौरान अग्रसेन भवन में समाज के सदस्यों का उत्साह देखने लायक था। दोनों प्रत्याशियों के समर्थक अलग-अलग स्टॉल लगाकर मतदाताओं का स्वागत करते रहे। मतदान केंद्र के भीतर अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा। परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशी के समर्थकों ने दयाराम अग्रवाल का पुष्पमालाओं से स्वागत कर मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।
चुनाव अधिकारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष दयाराम अग्रवाल को विधिवत निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। अब जल्द ही नई कार्यकारिणी का गठन कर समाज के विकास और संगठन को नई दिशा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष दयाराम अग्रवाल ने समाज के सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“मैं श्री अग्रवाल समाज के प्रत्येक सदस्य का हृदय से धन्यवाद करता हूँ जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया। यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जीत है। चुनाव अब समाप्त हो चुका है, इसलिए हम सभी को आपसी मतभेद भुलाकर समाज के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करना होगा। मेरी प्राथमिकता युवाओं को समाज की गतिविधियों से जोड़ना, महिलाओं की सहभागिता बढ़ाना, समाज के वरिष्ठजनों के सम्मान को और सशक्त करना तथा शिक्षा, सेवा और सामाजिक एकता के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करना होगी। मैं सभी वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और समाज के प्रत्येक सदस्य के सहयोग से अग्रवाल समाज को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का पूरा प्रयास करूँगा।”



