अछोटा में महानदी पर बनेगा नया फोरलेन पुल, 94 करोड़ रुपये की स्वीकृति जल्द मिलने की उम्मीद
महापौर रामू रोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव से की मुलाकात, जर्जर पुल की जगह नया पुल बनाने मांग

अछोटा में महानदी पर बनेगा नया फोरलेन पुल, 94 करोड़ रुपये की स्वीकृति जल्द मिलने की उम्मीद
महापौर रामू रोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव से की मुलाकात, जर्जर पुल की जगह नया पुल बनाने की मांग
सिहावा चौक से भोयना तक 121 करोड़ की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण शुरू, पुल बनने से आवागमन होगा सुगम
धमतरी। धमतरी शहर और आसपास के क्षेत्रों में सड़क एवं अधोसंरचना विकास को गति देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। महानदी पर अछोटा में लंबे समय से जर्जर पुल के स्थान पर नया फोरलेन पुल बनाने की मांग अब आगे बढ़ती नजर आ रही है। इस परियोजना के लिए 94 करोड़ रुपये की स्वीकृति जल्द मिलने की उम्मीद है। इस संबंध में महापौर रामू रोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर नए पुल के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
महापौर रामू रोहरा ने बताया कि सिहावा चौक से भोयना तक 121 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है और निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो गया है। लेकिन महानदी पर अछोटा में स्थित पुराने पुल के स्थान पर नए फोरलेन पुल का निर्माण होने से ही इस सड़क परियोजना का लाभ और अधिक प्रभावी तरीके से मिल सकेगा। पुराने पुल की जर्जर स्थिति और क्षेत्र में बढ़ते यातायात को देखते हुए नए पुल का निर्माण बेहद आवश्यक है।
उन्होंने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान पुल की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए इसके निर्माण के लिए 94 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान करने की मांग रखी। महापौर ने बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए बजट में भी प्रावधान किया गया था। अब राशि की स्वीकृति मिलने से नए पुल के निर्माण का रास्ता प्रशस्त होने की उम्मीद है।
नए पुल से यातायात व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
अछोटा में महानदी पर नए फोरलेन पुल का निर्माण होने से धमतरी और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है। आधुनिक पुल बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही सिहावा चौक से भोयना तक बन रही फोरलेन सड़क का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेगा। सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के विकास को गति मिलने की संभावना है।
प्रदेश सरकार के प्रति जताया आभार
महापौर रामू रोहरा ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को आगे बढ़ाने में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा और सांसद रूपकुमारी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि अछोटा में महानदी पर नए फोरलेन पुल का निर्माण क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग है। बजट में इस परियोजना को शामिल किया जाना एक महत्वपूर्ण कदम रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क एवं अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
महापौर ने कहा कि धमतरी के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क, पुल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र की विकास यात्रा को नई गति देगा। अछोटा में प्रस्तावित फोरलेन पुल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना साबित होगा।



