छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ दौरे पर राष्ट्रपति मुर्मू : राजधानी में सम्मान पर्व, बस्तर के मुरिया दरबार में होंगी शामिल, सीएम राज्यपाल ने किया स्वागत

सुरक्षा में 2 हजार जवान तैनात, लोकभवन में 200 रुपये का स्मारक सिक्का करेंगी जारी

जगदलपुर में आमसभा को भी करेंगी संबोधित

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं। उनके दौरे को लेकर राजधानी रायपुर से लेकर बस्तर तक प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। राष्ट्रपति के रायपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राज्यपाल रमेन डेका, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित मंत्रिमंडल के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, रामविचार नेताम, ओपी चौधरी, गुरु खुशवंत साहेब, लक्ष्मी राजवाड़े, केदार कश्यप, दयालदास बघेल, लखनलाल देवांगन, राजेश अग्रवाल और गजेंद्र यादव मौजूद रहे। इसके अलावा विधायक पुरंदर मिश्रा, राजेश मूणत और मोतीलाल साहू ने भी एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का स्वागत किया।

दौरे के पहले दिन गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हो रही हैं। वहीं, शुक्रवार, 23 अक्टूबर को वे जगदलपुर पहुंचेंगी, जहां विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा ‘मुरिया दरबार’ में शामिल होंगी। इसके साथ ही राष्ट्रपति लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को भी संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राजधानी रायपुर में उनकी सुरक्षा के लिए दो हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। प्रशासन द्वारा पूरे दौरे के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

राष्ट्रपति के इस दौरे में धार्मिक आस्था, सामाजिक सम्मान, युवा प्रबोधन और आदिवासी संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। रायपुर में वे सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रही हैं। इसके साथ ही लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। दूसरी ओर, बस्तर में राष्ट्रपति का मुरिया दरबार में शामिल होना जनजातीय परंपराओं और ऐतिहासिक सांस्कृतिक विरासत के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रायपुर में कार्यक्रमों की शुरुआत, लोकभवन में जारी होगा स्मारक सिक्का

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे राजधानी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। लोकभवन में दोपहर 12:45 बजे आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर राष्ट्रपति पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। इसके बाद शाम 4 बजे रायपुर के इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में उनकी सहभागिता प्रस्तावित है। यहां वे नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के साथ सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम में सामाजिक योगदान, सेवा कार्यों और युवाओं से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान रहेगा। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर राजधानी में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। एयरपोर्ट से लोकभवन और इनडोर स्टेडियम तक उनके आवागमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की विशेष योजना बनाई गई है।

बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शामिल होंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार, 23 अक्टूबर को जगदलपुर पहुंचेंगी। यहां वे बस्तर दशहरा की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक परंपरा मुरिया दरबार में शामिल होंगी। यह आयोजन सिरहासार भवन में होगा। इसके बाद राष्ट्रपति लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगी। बस्तर का दशहरा देश के अन्य हिस्सों में मनाए जाने वाले दशहरा पर्व से अपनी विशिष्ट परंपराओं के कारण अलग पहचान रखता है। इसकी परंपराएं स्थानीय जनजातीय समाज, देवी आराधना और राजपरंपरा से जुड़ी हुई हैं। मुरिया दरबार इस आयोजन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां बस्तर की पारंपरिक व्यवस्था और जनजीवन से जुड़े विषयों को विशेष स्थान मिलता है। राष्ट्रपति का इस आयोजन में शामिल होना बस्तर की सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं के महत्व को राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित करने वाला अवसर होगा। प्रशासन ने राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए जगदलपुर में भी तैयारियां तेज कर दी हैं।

लालबाग मैदान का वन मंत्री ने किया निरीक्षण

राष्ट्रपति के जगदलपुर दौरे की तैयारियों का जायजा लेने वन मंत्री केदार कश्यप लालबाग मैदान पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर मंच निर्माण, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, निर्धारित स्थानों, सुरक्षा इंतजाम और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। इसके साथ ही आम नागरिकों की सुविधा और कार्यक्रम में आने वाले लोगों की आवाजाही को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली। वन मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, समन्वय और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पाण्डे, कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक बी.एन. मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

राष्ट्रपति की सुरक्षा में 2 हजार से अधिक जवान तैनात

राष्ट्रपति के रायपुर प्रवास को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। उनकी सुरक्षा में दो हजार से अधिक जवानों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा आईजी और डीआईजी रैंक के अधिकारियों को भी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एयरपोर्ट से लोकभवन और इनडोर स्टेडियम तक राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान आवश्यकता के अनुसार यातायात को कुछ समय के लिए रोका जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। वहीं, कुछ मार्गों पर अस्थायी प्रतिबंध भी लगाए जा सकते हैं। पुलिस और यातायात विभाग की ओर से कार्यक्रम स्थलों के आसपास भीड़ नियंत्रण, वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आम नागरिकों को निर्धारित मार्गों और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

राजधानी से बस्तर तक प्रशासन अलर्ट

राष्ट्रपति के दो दिवसीय दौरे को लेकर रायपुर और जगदलपुर दोनों जगह प्रशासनिक अमला सक्रिय है। राजधानी में जहां विभिन्न कार्यक्रमों और वीआईपी मूवमेंट को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है, वहीं बस्तर में मुरिया दरबार और आमसभा को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। रायपुर में सेवा सम्मान पर्व, युवा प्रबोधन कार्यक्रम और स्मारक सिक्का जारी करने का आयोजन दौरे के प्रमुख आकर्षण रहेंगे। वहीं, जगदलपुर में बस्तर दशहरा की परंपरा मुरिया दरबार में राष्ट्रपति की सहभागिता इस प्रवास का महत्वपूर्ण पड़ाव होगी। दो दिवसीय दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ की सामाजिक-सांस्कृतिक पहचान, सेवा गतिविधियों और जनजातीय परंपराओं की विविधता प्रमुखता से सामने आएगी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button