बंगाल बंद के दौरान हिंसा, भाजपा नेता की गाड़ी पर लोगों ने फेंके बम, हंगामा जारी

बंगाल बंद के दौरान हिंसा, भाजपा नेता की गाड़ी पर लोगों ने फेंके बम, हंगामा जारी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में एक प्रशिक्षु डॉक्टर से कथित दुष्कर्म और उसकी हत्या के विरोध में देशभर नाराजगी है। इस बीच बीते दिन राज्य सचिवालय ‘नबन्ना’ तक प्रदर्शनकारियों के पहुंचने के प्रयासों के दौरान कई स्थानों पर पुलिस के साथ झड़पें हुईं। कोलकाता और हावड़ा की सडक़ों पर बड़े पैमाने पर हिंसा हुई। राज्यभर में 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके विरोध में भाजपा की बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने 12 घंटे के ‘बंगाल बंद’ का आह्वान किया है। उत्तर 24 परगना के भाटपारा में भाजपा नेता प्रियांगु पांडे पर हुए हमले के स्थान के पास से पुलिस ने खाली बम के खोल बरामद किए। प्रियांगु पांडे ने दावा किया कि आज सुबह उत्तर 24 परगना के भाटपारा में कई लोगों ने उनकी कार पर हमला किया और गोलीबारी की।
भाजपा नेता प्रियांगु पांडे ने मीडिया को बताया कि आज मैं अपने नेता अर्जुन सिंह के आवास पर जा रहा था। हम कुछ दूर चले थे कि भाटपारा नगर पालिका की जेटिंग मशीन से सडक़ को ब्लॉक कर दिया गया। जैसे ही हमारी गाड़ी रुकी, करीब 50-60 लोगों ने गाड़ी को निशाना बनाया। मेरी गाड़ी पर 7 से 8 बम फेंके गए और फिर 6-7 राउंड फायरिंग की गई। यह टीएमसी और पुलिस की मिली-जुली साजिश है। उन्होंने मेरी हत्या की योजना बनाई। पुलिस ने सहयोग किया और जानकारी दी। मेरी सुरक्षा वापस ले ली गई और फिर यह घटना हुई।
भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने कहा कि प्रियांगु पांडे हमारी पार्टी के नेता हैं। आज उनकी कार पर हमला हुआ और फायरिंग की गई। ड्राइवर को गोली लगी है। 7 राउंड फायरिंग हुई। यह सब एसीपी की मौजूदगी में किया गया। प्रियांगु पांडे को मारने की योजना बनाई गई थी। टीएमसी के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे इस तरह की हरकतें कर रहे हैं। दो लोग घायल हुए हैं, उनमें से एक की हालत गंभीर है।
भाजपा द्वारा बुलाए गए 12 घंटे के ‘बंगाल बंद’ पर पार्टी की रूपा गांगुली ने कहा कि टीएमसी के लोग कह रहे हैं कि लोग बंद का पालन नहीं कर रहे हैं, जबकि बसें खाली जा रही हैं। इसका मतलब है कि लोग बंद का पालन कर रहे हैं। क्या आपने मुझे किसी को बंद का पालन करने के लिए मजबूर करते देखा? पुलिस इन दिनों बहुत बुरा व्यवहार कर रही है, क्या उन्हें शर्म नहीं आती?
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बांकुड़ा शहर के बस अड्डे पर भी प्रदर्शन किया। अलीपुरद्वार में एक मुख्य सडक़ को अवरुद्ध करने की कोशिश के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘दफा एक दाबी एक, मुख्यमंत्री पदत्याग’ (एक ही मांग, मुख्यमंत्री इस्तीफा दें) जैसे नारे लगाए।
भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा कि कुछ नहीं होगा, जितना ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया जाएगा। उतना ज्यादा लोग विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। यह लोगों का गुस्सा है और वे सडक़ पर हैं। पुलिस लोगों को हिरासत में ले सकती है, लेकिन विचार को नहीं।