पुलिस नक्सली मुठभेड़ में महिला नक्सली घायल, हथियार भी बरामद, बीएसएफ के जवान को आई चोट

कांकेर। नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में एक महिला नक्सली घायल हो गई है। इस दौरान सीमा सुरक्षा बल का एक जवान भी मामूली रूप से घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को मेंडरा गांव स्थित बीएसएफ के शिविर से जिला बल और बीएसएफ की 178 वीं बटालियन के संयुक्त दल को मरकाचुवा गांव की ओर गश्त पर रवाना हुआ था। दल जब प्रतापपुर थाने से लगभग 10 किलोमीटर दूर उपांजुर गांव के करीब था, तभी नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए और बाद में घटनास्थल की तलाशी लिए जाने पर वहां एक महिला नक्सली घायल अवस्था में मिली। घायल महिला नक्सली को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। मुठभेड़ में बीएसएफ के जवान विकास सिंह को मामूली चोट आई है और उनकी स्थिति सामान्य एवं खतरे से बाहर है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से एक हथियार भी बरामद किया है। घायल महिला नक्सली की पहचान फगनी के रूप में हुई है। महिला नक्सली का पति विनोद माओवादियों के मदनवाड़ा स्थानीय संगठन दस्ते (एलओएस) का कमांडर है।



