छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती 2021 का परिणाम जारी, 975 पदों पर 959 उम्मीदवारों का चयन

छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती 2021 का परिणाम जारी, 975 पदों पर 959 उम्मीदवारों का चयन
परिणाम जारी नहीं होने पर अभ्यर्थी लगातार कर रहे थे प्रदर्शन
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सब इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया गया है। राज्य सरकार ने रिजल्ट जारी कर दिया है। भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी नहीं होने पर अभ्यर्थी लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। हाईकोर्ट ने 15 दिनों में रिजल्ट जारी करने का आदेश दिया था। 6 साल बाद अब जाकर रिजल्ट जारी हुआ है। 975 पदों पर 959 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। भर्ती प्रक्रिया 2018 में शुरू हुई थी। पिछले साल अगस्त-सितंबर में इंटरव्यू हुआ था। तब से अभ्यर्थी रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे। चयन सूची पुलिस विभाग की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। 6 साल पहले एसआई भर्ती शुरू हुई थी। तब करीब साढ़े 600 पद थे। बाद में 2021 में संशोधित विज्ञापन आया। तब पदों की संख्या बढक़र 975 हो गई। शारीरिक मापतौल, लिखित परीक्षा के बाद पिछले साल साक्षात्कार हुआ। इसमें 1378 शामिल हुए। फिर मामला कोर्ट पहुंचा।
कोर्ट के निर्देश पर 370 अतिरिक्त पुरुष अभ्यर्थियों को फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया गया था। यह परीक्षा 9 जुलाई 2024 को हुई थी। इस आधार पर जुलाई में ही 58 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू हुआ। इस तरह 975 पदों के लिए 1436 दावेदार थे। पुलिस विभाग में सूबेदार, उप निरीक्षक-संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती-2021 की 975 पदों पर 959 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। इसमें सूबेदार के 58 रिक्त पद पर 57, उपनिरीक्षक के 577 पद पर 577, उपनिरीक्षक (विशेष शाखा) के 69 पद पर 69, प्लाटून कमाण्डर के 247 पद पर 247, उपनिरीक्षक (अंगुल चिन्ह) के 6 पद पर 2, उपनिरीक्षक (प्रश्नाधीन दस्तावेज) के 3 पद पर 1, उपनिरीक्षक (कम्प्यूटर) के 6 पद पर 5, उपनिरीक्षक (रेडियो) के 9 पद पर 1 की भर्ती की गई है।
रायपुर में एसआई कैंडिडेट्स ने कराया था सामूहिक मुंडन
छत्तीसगढ़ में एसआई भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी करने के लिए अब अभ्यर्थियों ने मुंडन कराया। इससे पहले भीख मांगना, दुर्ग से रायपुर तक मैराथन, बरसते पानी में धरना, यहां तक की इच्छामृत्यु तक की मांग जैसे कई जतन ये अभ्यर्थी कर चुके हैं। छत्तीसगढ़ में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के कैंडिडेट ने शुक्रवार को रायपुर के चौक-चौराहों पर भीख मांगी। रिजल्ट जारी करने की मांग को लेकर सालों से वे कई जतन कर रहे हैं। इसी कड़ी में अब अभ्यर्थियों ने हाथ में कटोरा पकड़ा और ट्रैफिक सिग्नल पर खड़े लोगों से भीख मांगते दिखे।