बढ़ती गर्मी के चलते बदली गई स्कूलों की टाइमिंग

बढ़ती गर्मी के चलते बदली गई स्कूलों की टाइमिंग
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ती गर्मी से केवल बड़े ही नहीं बल्कि बच्चे भी प्रभावित हो रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए लोक शिक्षण संचालनालय ने स्कूलों के समय में बदलाव करने का निर्णय लिया है। सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। नया समय 2 अप्रैल 2025 से 30 अप्रैल 2025 तक लागू रहेगा. हालांकि, विद्यालय कार्यालय पहले की तरह सामान्य समय पर संचालित होते रहेंगे।
जारी आदेश अनुसार एकल पाली वाले स्कूलों में सभी प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल सुबह 7 बजे से 11 बजे तक संचालित होंगे। जिन स्कूलों में दो शिफ्ट लगती है, वहां पहली शिफ्ट सुबह 7 से 11 बजे और दूसरी शिफ्ट सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक चलेंगी। बता दें आदेश से पहले सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक स्कूल संचालित होती थी। प्रदेश में 56 लाख विद्यार्थी लगभग 56,000 स्कूल है। इन स्कूलों में 2,60,000 शिक्षक तैनात हैं।
बता दें कि एक अप्रैल से सभी केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, निजी और सरकारी स्कूल खुलने जा रहे हैं। प्रदेश में पड़ रही तेज गर्मी को देखते हुए लोक शिक्षण संचालनालय ने स्कूलों की समय सारणी में बदलाव करने का आदेश जारी किया है। ये नियम सभी सरकारी और निजी स्कूलों के लिए प्रभावी होगा।
नया समय सारणी 2 से 30 अप्रैल 2025 तक प्रभावी रहेगी। शासकीय कार्यालयों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वे पहले की तरह ही संचालित होंगे। शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और संभागीय संयुक्त संचालकों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि वे इस आदेश को सख्ती से लागू करें।
स्कूल शिक्षा विभाग की तरह ही महिला एवं बाल विकास विभाग ने भी 1 अप्रैल से 30 जून 2025 तक आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन समय सुबह 7:00 बजे से 11:00 बजे तक निर्धारित कर दिया है । इस अवधि में आंगनबाड़ी केंद्र छह घंटे की बजाय चार घंटे ही संचालित रहेंगे। जिससे बच्चों को भीषण गर्मी से बचाया जा सके।
विशेषज्ञों के अनुसार सरकार का यह फैसला बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि तेज गर्मी के कारण छात्रों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।