छत्तीसगढ़ में पीएम आवास में बेहतर काम कर रही सरकार, कृषि विस्तार के लिए 515 करोड़ स्वीकृत : शिवराज

छत्तीसगढ़ में पीएम आवास में बेहतर काम कर रही सरकार, कृषि विस्तार के लिए 515 करोड़ स्वीकृत : शिवराज
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि व किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने साय सरकार की जमकर तारीफ की। पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ आकर प्रसन्न हूं। छत्तीसगढ़ से इमोशनल अटैचमेंट रहा है। छत्तीसगढ़ में साय सरकार बेहतर काम कर रही है। प्रदेश में मोर आवास मोर अधिकार आंदोलन चला था। पिछली सरकार ने पीएम आवास के लिए धन राशि आवंटित नहीं की जिससे लाखों हितग्राही आवास से वंचित हो गए। केंद्रीय मंत्री ने कहा गरीब को घर न देना बड़ा पाप था। विपक्ष में रहते हुए हमने कहा था सरकार बनते ही 18 लाख आवास देंगे और
सरकार बनते ही आवास का वादा पूरा किया गया। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही पहले 8 लाख 47 हजार आवास दिए, इसके बाद 3 लाख 30 हजार मकान दिए। 2018 की सूची में बचे हुए 3 लाख 767 पीएम आवास आज दिए जायेंगे। छत्तीसगढ़ में पीएम आवास को लेकर हमने जो कहा वह किया। छत्तीसगढ़ को लेकर पैसे की कोई नहीं है। उन्होंने कहा नक्सल पीड़ितों के लिए 15 हजार आवास दिए जिनको आवास नहीं मिला है उनके लिए फिर सर्वे शुरू हो गया है।
शिवराज सिंह ने कहा कि आवास में छत्तीसगढ़ सरकार ने उत्तम काम किया है। छत्तीसगढ़ के लेबर बजट को रिवाइज किया जाएगा। मिशन अमृत सरोवर के लिए 192 स्थलों का चयन किया गया। पीएम ग्रामीण सड़क योजना के तहत छग में 42671 किमी सड़क निर्माण हुआ है। नक्सल क्षेत्रों पुलों के निर्माण के बारे में जल्द निर्णय लेंगे। उन्होंने आगे कहा छत्तीसगढ़ में आजीविका मिशन में अच्छा काम हो रहा है। लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य तेजी से पूरा हो रहा है।
इस साल दो लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य था और अब तक 3 लाख 23 हजार लखपति दीदी बन चुकी है।
शिवराज सिंह ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में उल्लेखनीय काम हो रहा है। छत्तीसगढ़ में कृषि विस्तार के लिए 515 करोड़ स्वीकृत किए है। 29 मई से कृषि वैज्ञानिकों की टीम गांवों का भ्रमण करेगी। ग्रामीणों से संवाद कर कृषि कार्य के तकनीकी पहलुओं पर जागरूक करेंगे। खेती के साथ पशुपालन, बागवानी, उद्यानिकी पर जोर दिया जाएगा।



