समाधान शिविर को लेकर जनता का मिल रहा अच्छा फीडबैक – मुख्यमंत्री

विष्णु देव साय प्रखर समाचार प्रधान संपादक, संपादक ने की CM से मुलाकात

रायपुर (प्रखर) छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार एवं समाधान शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं और शिकायतों का लगातार निराकरण किया जा रहा है। समाधान शिविर को लेकर जनता का फीडबैक भी काफी अच्छा मिल रहा है जो भी शिकायतें आ रही है, उस पर तुरंत एक्शन लिया जा रहा है। भ्रष्टाचार पर राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का फायदा भी लोगों को मिल रहा है। बीते दिनों पीएम आवास को लेकर बेमेतरा जिले में शिकायत मिलने पर तीन कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया और उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराया गया। तो दूसरी ओर राजस्व विभाग में बड़े सुधार भी जारी हैं। नामांतरण को लेकर राज्य सरकार ने जो नया नियम लागू किया है उसके प्रति भी जनता ने अच्छा फीडबैक दिया है अब रजिस्ट्री के बाद तुरंत नामांतरण हो जा रहा है। जिससे फर्जीवाड़ा पर भी रोक लग रही है। उपरोक्त बातें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रखर समाचार के प्रधान संपादक दीपक लखोटिया और प्रबंध संपादक विशेष लखोटिया के प्रश्नों के उत्तर में कही।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि सुशासन तिहार में वे पूरे प्रदेश के सभी जिलों का दौरा कर रहे हैं। अब तक आधे जिलों का दौरा हो चुका है। यह दौरा पूरी तरीके से गोपनीय रखा जा रहा है। जिस गांव में उतरना होता है उसके कुछ मिनट पहले ही अधिकारी कर्मचारियों को इसकी जानकारी मिल रही है। जिसके कारण वे वहां की वास्तविक परिस्थितियों को भलीभांति देख समझ पा रहे है। इसका फायदा भी सरकार और प्रदेशवासियों को मिल रहा है।
जब बुजुर्ग महिला ने अधिकारी कर्मचारियों की खोली पोल
मुख्यमंत्री ने सुशासन तिहार के दौरान का एक दिलचस्प वाकया भी बताया जब वे एक गांव में अचानक से उतरे और एक बुजुर्ग महिला के घर भी गए थे। वहां उन्होंने देखा कि पाइप लाइन में लीकेज है जिसके कारण पानी बह रही थी। इसके बाद उन्होंने बुजुर्ग महिला से कहां मां इसे सुधरवा क्यों नहीं लेती हो। फालतू का पानी बह रहा है। इसके बाद महिला ने बताया कि बीते कई महीनो से यह पाइप सूखी पड़ी थी। पानी ही नहीं आता था। कल रात को ही अधिकारी कर्मचारी आए थे और आज सुबह से पानी आ रहा है। इस घटना से पता चलता है कि सुशासन तिहार के कारण अधिकारी कर्मचारी सजग है। वे डर से ही सही आमजनता के हित का ध्यान तो रख रहे है। कम से कम मै मानता हु कि मेरे घूमने मात्र से ही जनता के काम हो रहे है। तो यह भी काफी है।
15 ग्राम पंचायतों का एक क्लस्टर
मुख्यमंत्री ने बताया कि वे हर जिले में जा रहे हैं और समाधान शिविर में जनता की समस्याओं शिकायतों को लेकर सीधे-सीधे जिम्मेदार अधिकारियों से बात भी कर रहे हैं। हर जिले में रैंडमली 15 ग्राम पंचायत का एक क्लस्टर बनाया गया है। यहां पर समाधान शिविर लगता है। समाधान शिविर में जिले के कलेक्टर, एसपी से लेकर सभी अधिकारी उपस्थित रहते हैं। वह जिले में राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर प्रेजेंटेशन भी देते हैं। जो समस्याएं और शिकायतें आती है उसका समाधान किया जा रहा है। इससे जनता को बड़ा लाभ मिल रहा है।
भेंट मुलाकात पर सीएम विष्णुदेव साय ने किया कटाक्ष
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के शासनकाल में चलाये गए भेंट मुलाकात कार्यक्रम पर तंज कसते हुए कहा कि यह पूरी तरीके से प्रोपेगेंडा रहता था। जो लोग शिकायत समस्या लेकर आते थे उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा सार्वजनिक रूप से डांट दिया जाता था। जिसके कारण कहीं ना कहीं पीड़ित खुद को आहत महसूस करते थे। लेकिन सुशासन तिहार और समाधान शिविर में ऐसा नहीं है। पूरी सरकार संवेदनशीलता के साथ आम जनता की शिकायत और समस्या का निराकरण कर रही है। इससे पहले भाजपा सरकार में चलाए गए लोक सुराज में भी जनता की समस्या का निराकरण होता था। अब उसी तर्ज पर सुशासन तिहार में काम हो रहे है।
रजिस्ट्री विभाग में नामांतरण सहित दस बड़ी क्रांति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि राज्य सरकार नियम कानून के सरलीकरण को लेकर विशेष ध्यान दे रही है। हमने नामांतरण को लेकर आ रही शिकायतों पर बड़ा कदम उठाया है। अब रजिस्ट्री के तुरंत बाद नामांतरण हो रहा है। इसके कारण फर्जीवाडा पर भी रोक लग रही है। वहीं लोगों को अनावश्यक परेशान नहीं होना पड़ रहा है। इसके अलावा रजिस्ट्री विभाग में में 10 नई क्रांति भी लाई गई है।



