केंद्रीय मंत्री अमित शाह आज बस्तर दशहरा में होंगे शामिल, महतारी वंदन की जारी करेंगे किश्त

केंद्रीय मंत्री अमित शाह आज बस्तर दशहरा में होंगे शामिल, महतारी वंदन की जारी करेंगे किश्त
रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज बस्तर दशहरा मेले में शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रदेश की महिलाओं को महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त भी जारी करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बस्तर प्रवास को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे बस्तर संभाग में 3-लेयर सुरक्षा घेरा बनाया गया है। सभी कैंप और थानों को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है, वहीं सीमाई इलाकों में नाकाबंदी कर सघन जांच की जा रही है। अमित शाह शुक्रवार रात छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, केंद्रीय गृहमंत्री शाह सुबह 11 बजे रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12:05 बजे जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद 12:15 बजे माता दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे 12:35 बजे सिरहासार भवन, जगदलपुर के कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं 1:25 बजे लाल बाग में प्रदर्शनी का अवलोकन और मंचीय कार्यक्रम में शिकरत करेंगे. दोपहर 3:25 बजे जगदलपुर एयरपोर्ट से रवाना होंगे। इसके बाद केंद्रीय गृहमंत्री शाह बस्तर दशहरा में हिस्सा लेंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कई मंत्री मौजूद रहेंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री शाह आज प्रदेश की महिलाओं को महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत 65 लाख से ज्यादा महिलाओं के बैंक खातों में 606.94 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। इससे पहले 19 किस्तों में महिलाओं को 12,376 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है। नई किस्त जारी होने के बाद इस योजना का कुल आंकड़ा 12,983 करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा। बता दें कि इसके पहले CM विष्णु देव साय ने रायगढ़ के खरसिया में महतारी वंदन की 19वीं किस्त जारी की थी।