छत्तीसगढ़

बिहार महागठबंधन के सीट बंटवारे की तैयारियां पूरी, ऐलान जल्द : भूपेश बघेल

पिछले साल का धान आज तक उठ नहीं पाया : बघेल

रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए में सीट बंटवारे के बाद अब सब की नजर महागठबंधन पर है। राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद और नेता प्रतिपक्ष दिल्ली में हैं। वहीं कांग्रेस के भी कई प्रमुख नेता दिल्ली में कैंप कर रहे हैं। आज कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक है। वहीं बैठक से पहले कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने बिहार में महागठबंधन के सीट बंटवारे पर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि यह 1-2 दिन में हो जाएगा। सारी तैयारी हो चुकी है, ये जल्दी हो जाएगा।

रायपुर में कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में धान खरीदी की चर्चा पर भूपेश बघेल ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि पिछले साल का धान आज तक उठ नहीं पाया है। सरकार को बताना चाहिए कि कितना धान बिका है और कितना डीओ काटा गया है। कलेक्टर को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, जबकि नियमों में बदलाव सरकार ने किया है। पहले जहां धान 72 घंटे में उठ जाना चाहिए था, अब उसको 3 महीने तक कर दिया गया है। ऐसे में कलेक्टर क्या कर सकता है। क्या वह अपने सर पर धान को लाध कर ले जाएगा? उन्होंने कहा कि सरकार में किसी कलेक्टर का ट्रांसफर करने की भी हिम्मत नहीं है। वहीं कॉन्फ्रेंस में डीएफओ को शामिल करने पर कहा कि रेत से इनका पेट नहीं भरा, इसलिए जंगल की ओर जा रहे हैं।

बता दें कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने बिहार के विधानसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे की घोषणा कर दी है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और जनता दल (यूनाइटेड) यानी जदयू दोनों 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें मिली हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा को छह सीटें दी गई हैं। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) को भी छह सीटों पर चुनाव लडऩे का मौका मिला है। भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने एक्स पर लिखा, संगठित व समर्पित एनडीए, आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए परिवार के सभी सदस्यों ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में आपसी सहमति से सीटों का वितरण पूर्ण किया, जो कि इस प्रकार है भाजपा 101 सीट, जदयू 101 सीट, लोजपा (रामविलास) 29 सीट, रालोमो 6 सीट, हम 6 सीट है।

आज दिल्ली में कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक
आज कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक है। इसके बाद संभावना है कि शाम तक सीट बंटवारे की घोषणा हो जाएगी। हालांकि कई सीटों पर कांग्रेस और राजद के बीच पेंच फंसा हुआ ही है। इसलिए कांग्रेस ने इस बार अलग-अलग नीति बनाने शुरू कर दी है। 2020 के विधानसभा के तरह ही इस बार भी कांग्रेस 70 सीटों पर लडऩे की तैयारी कर रही है। इतना ही नहीं कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की सूची भी पूरी तरह से तैयार कर ली है। दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इस पर मोहर भी लग जाएगी। सूत्र बता रहे हैं कि राजद और वामदल अब भी कांग्रेस को 70 सीट देने के लिए तैयार नहीं हैं।

बिहार में इस बार भी बनेगी एनडीए की सरकार : सीएम साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनने का बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि इस बार बिहार में भी सरकार जरूर बनेगी। क्योंकि पूरे देश की जनता का विश्वास हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर है। जिस तरह से उन्होंने 11 वर्षों में प्रधानमंत्री के रूप में पूरे देश का विकास किया है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास इसे मूल मंत्र मानते हुए सबके विकास के लिए काम किया है। इस पर पूरे देश की जनता का विश्वास है और बिहार की जनता भी बिहार में विकास चाहती है, इसलिए एनडीए की सरकार आएगी।

कांग्रेस किसान हितैषी नहीं व्यापारी है : पुरंदर मिश्रा

भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने पूर्व सीएम के कलेक्टर कॉन्फ्रेंस और धान खरीदी को लेकर दिए बयान पर पलटवार किया है। विधायक मिश्रा ने कहा कि क्या भूपेश सरकार में कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस नहीं हुई। कांग्रेस को अपना कार्यकाल याद करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में अधिकारी बड़बोले और भ्रष्ट हो गए थे। अब कई अधिकारी जेल में है। हमें कांग्रेस की नसीहत नहीं चाहिए। वहीं धान खरीदी वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस किसान हितैषी नहीं व्यापारी है। इसलिए आबकारी विभाग में बड़ा घोटाला कर दिया।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button