छत्तीसगढ़

गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की वृद्धि पर कांग्रेस का विरोध, पार्षद सुमन मेश्राम ने केंद्र सरकार को घेरा


धमतरी। घरेलू रसोई गैस के दामों में 60 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस नेत्री और पार्षद सुमन मेश्राम ने केंद्र सरकार के इस निर्णय का विरोध करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई से पहले ही परेशान जनता पर यह अतिरिक्त बोझ डालना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने 7 मार्च से घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की वृद्धि कर दी है, जिसे उन्होंने “जनता के लिए होली गिफ्ट” बताया। उनका कहना है कि देश की आम जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है और ऐसे समय में रसोई गैस के दाम बढ़ाने से आम परिवारों का बजट और अधिक प्रभावित होगा।
सुमन मेश्राम ने कहा कि रसोई गैस आम परिवारों की बुनियादी जरूरतों में शामिल है। गैस सिलेंडर महंगा होने से सबसे अधिक असर गृहणियों पर पड़ेगा, जिन्हें घर का बजट संतुलित करना और भी कठिन हो जाएगा। उन्होंने कहा कि रसोई गैस के दाम बढ़ने का असर केवल घरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका प्रभाव बाजार में भी देखने को मिलेगा। होटल, ढाबों और चाय-नाश्ते की दुकानों में भी कीमतें बढ़ सकती हैं, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दामों को तत्काल कम कर आम जनता को राहत दी जाए। यदि सरकार इस निर्णय पर पुनर्विचार नहीं करती है, तो कांग्रेस पार्टी आने वाले दिनों में इसके विरोध में आंदोलन और प्रदर्शन करेगी।
कांग्रेस नेत्री ने कहा कि सरकार को महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और घरेलू खर्च का बोझ कम हो सके।

Author Desk

Related Articles

Back to top button