पैरों से चित्र उकेरने वाली पूनम के जीवन में मुख्यमंत्री साय ने भरी नई उम्मीद

जनदर्शन में सीएम साय ने किया जनता की समस्या का समाधान
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनदर्शन में दूर-दूर से मुख्यमंत्री निवास पहुँच रहे लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं, जो तुरंत निराकृत हो सकते हैं उनका निराकरण कर रहे हैं। व्यवस्थाओं के बेहतर होने पर मुख्यमंत्री साय ने कहा समय के साथ बदलाव होता रहता है, इस बार अच्छी व्यवस्था की गई है।
आज जनदर्शन की शुरुआत में ही मुख्यमंत्री ने रायपुर के तेलीबांधा की रहने वाली 11 वर्षीय बिटिया पूनम से भेंट की। बिटिया पूनम की माता ने मुख्यमंत्री साय को बताया कि वह सेरेब्रल पाल्सी से जूझ रही है और बातचीत करने में भी असमर्थ है। उन्होंने बताया कि इस चुनौती के बावजूद पूनम अपने पैरों से बहुत सुंदर चित्र बनाती है। मुख्यमंत्री साय ने अत्यंत आत्मीयता से बिटिया पूनम से बात की और उसे स्नेहपूर्वक दुलार किया मुख्यमंत्री साय ने पूनम की माता को आश्वस्त करते हुए कहा कि हम आपके साथ हैं, आपको बिटिया के लिए किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री ने पूनम बिटिया की पढ़ाई की उचित व्यवस्था के लिए उसे विशेष विद्यालय में भर्ती कराने और छात्रवृत्ति प्रदान करने के निर्देश दिए।
दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी की मदद के लिए मुख्यमंत्री आगे आए
जनदर्शन कार्यक्रम में आज अभनपुर से आए दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी पिंटू राम साहू की मांग पर मुख्यमंत्री ने त्वरित निर्णय लेते हुए 90 हजार रुपए का आर्थिक अनुदान स्वीकृत किया। पिंटू साहू ने व्हीलचेयर और आवश्यक खेल सामग्री खरीदने हेतु सहायता मांगी थी। उनकी परिस्थितियों और आवश्यकता को समझते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें तत्काल चेक प्रदान कर उनकी सहायता की। पिंटू राम साहू ने बताया कि वे पिछले चार वर्षों से खेल जगत से जुड़े हुए हैं। उन्होंने 2 अक्टूबर 2025 को पहली बार रग्बी खेलने के लिए ग्वालियर का दौरा किया था। वे वर्तमान में बी.ए. फाइनल ईयर के छात्र हैं और दिव्यांगता के बावजूद लगातार खेल में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री द्वारा आर्थिक सहायता प्राप्त होने पर पिंटू साहू ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके लिए बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने मुख्यमंत्री साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब वे खेल में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए लगातार मेहनत करेंगे और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।



