सांसद खेल महोत्सव का विधानसभा स्तरीय भव्य शुभारंभ

महापौर रामू रोहरा ने युवाओं को दिया खेल के मैदान से नेतृत्व तक का संदेश
धमतरी(प्रखर)सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत विधानसभा स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ नगर निगम महापौर रामू रोहरा के मुख्य आतिथ्य में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अंगीरा ध्रव, नगर निगम सभापति (स्पीकर) श्रीमती कौशिल्या देवांगन एवं पार्षद श्रीमती चंद्रभागा साहू द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
खेल परिसर में खिलाड़ियों एवं दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में सहभागिता कर खेल भावना, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नए भारत और मजबूत छत्तीसगढ़ के निर्माण की नींव है। उन्होंने कहा कि जो युवा आज खेल के मैदान में पसीना बहा रहे हैं, वही आने वाले समय में समाज, प्रदेश और देश का नेतृत्व करेंगे। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, संघर्षशीलता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
महापौर ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार युवाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को समान मंच प्रदान कर आगे आने का अवसर देते हैं। सरकार की मंशा है कि धमतरी का हर युवा केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजन करने वाला बने।
नगर निगम सभापति (स्पीकर) श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि खेल महोत्सव युवाओं को सकारात्मक दिशा देता है और उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम है।
सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं पूरे जोश, उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुईं। आयोजन समिति द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के चलते प्रतियोगिताएं सुचारू रूप से संचालित हुईं।
समापन अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विधानसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव को धमतरी जिले में खेल, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक सशक्त पहल के रूप में देखा जा रहा है।



