वादे नहीं, परिणाम देती है भाजपा

103 करोड़ की ऐतिहासिक स्वीकृति से धमतरी को मिली विकास की नई रफ्तार
धमतरी(प्रखर)धमतरी की जनता से किए गए वादों को भाजपा सरकार ने एक बार फिर ठोस कार्यवाही के माध्यम से साबित कर दिया है। शहर के सर्वांगीण विकास को गति देने के लिए कुल 103 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक स्वीकृति प्रदान की गई है। यह निर्णय न केवल शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करेगा, बल्कि यह भी दर्शाता है कि भाजपा सरकार कथनी नहीं, करनी में विश्वास रखती है।
इस स्वीकृति के अंतर्गत रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक 4.40 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 43 करोड़ रुपये तथा सिहावा चौक से नहर नाका चौक तक 5 किलोमीटर सड़क निर्माण हेतु 60 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। वर्षों से लंबित इन प्रमुख मार्गों के निर्माण से आम जनता को राहत मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा प्राप्त होगी।
नगर निगम के महापौर रामू रोहरा ने इस उपलब्धि को धमतरी के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह उन लोगों के लिए करारा जवाब है, जो सालों तक केवल घोषणाएं करते रहे और जनता को भ्रमित करते रहे।
महापौर ने दो टूक शब्दों में कहा,
“मैंने सार्वजनिक मंच से जो कहा था, वही करके दिखाया है। भाजपा की राजनीति दिखावे की नहीं, बल्कि परिणाम देने वाली राजनीति है।”
महापौर रोहरा ने कहा कि यह स्वीकृति मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन और विकास की स्पष्ट मिसाल है। मुख्यमंत्री द्वारा किया गया वादा आज धरातल पर उतरता नजर आ रहा है। डबल इंजन सरकार ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब नेतृत्व मजबूत और नीयत साफ होती है, तो विकास अपने आप रास्ता बना लेता है।
उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री शओ.पी. चौधरी , प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा एवं सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। महापौर ने कहा कि इन सभी के सहयोग और मार्गदर्शन से धमतरी को उसका वह हक मिला है, जिसे पिछली सरकारों ने वर्षों तक टाल कर रखा था।
महापौर ने तीखे शब्दों में कहा कि यह 103 करोड़ रुपये की स्वीकृति विकास विरोधी ताकतों के मुंह पर तमाचा है, जो धमतरी की प्रगति को रोकना चाहती थीं। अब धमतरी रुकने वाला नहीं है—अब यह शहर पीछे नहीं, बल्कि तेज़ी से आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने स्पष्ट रूप से आश्वासन दिया है कि धमतरी के विकास कार्यों के लिए किसी भी प्रकार की फंड की कमी नहीं होने दी जाएगी और लगातार शहर के विकास कार्यों को स्वीकृति दी जा रही है।
महापौर ने आगे कहा कि इन सड़कों के निर्माण से न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। शहर की आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी और आम नागरिकों का जीवन अधिक सुगम बनेगा। भाजपा सरकार की प्राथमिकता बिल्कुल स्पष्ट है—जनता का काम, बिना बहाने और बिना देरी।
कार्यक्रम के दौरान महापौर ने जिला अध्यक्ष प्रकाश बैश, महेंद्र पंडित, पवन गजपाल, विनय जैन, सभापति कौशल्या देवांगन, MIC सदस्य विजय मोटवानी, नरेंद्र रोहरा, नीलेश लूनिया, अखिलेश सोनकर, पिंटू यादव, श्याम लाल नेताम, विभा चंद्राकर, हिमानी साहू सहित सभी पार्षदगण एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हेमंत बंजारे, नम्रता पावर, संतोष सोनकर, कुलेश सोनी, मेघराज ठाकुर, अज्जू देशलहरे, संजय देवांगन, सतीश पावर, आशा लोधी, अनिता अग्रवाल, चंद्रभागा साहू, गजेंद्र कवर एवं तल्लीनपुरी गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में महापौर श्री रोहरा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आने वाले समय में धमतरी को और भी बड़ी विकास योजनाओं की सौगात मिलेगी। भाजपा सरकार विकास के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और धमतरी को प्रदेश के अग्रणी शहरों की पंक्ति में खड़ा कर के ही दम लेगी।



