महापौर रामू रोहरा ने ग्राम हरफतराई में अटल स्मृति का किया भूमिपूजन

धमतरी। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति को चिरस्थायी बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई। ग्राम हरफतराई में अटल स्मृति निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन नगर निगम महापौर रामू रोहरा के करकमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणजनों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। तत्पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमिपूजन की रस्म संपन्न हुई।
महापौर रामू रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी केवल एक महान राजनेता ही नहीं, बल्कि राष्ट्रनिर्माता और करोड़ों भारतीयों के प्रेरणास्रोत थे। उनका संपूर्ण जीवन सादगी, सुशासन और राष्ट्रहित को समर्पित रहा है। अटल स्मृति का निर्माण आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों, आदर्शों एवं राष्ट्रसेवा के मूल्यों से जोड़ने का कार्य करेगा।
महापौर ने कहा कि ग्राम हरफतराई में अटल स्मृति के निर्माण से न केवल क्षेत्र की पहचान सुदृढ़ होगी, बल्कि यह स्थल ग्रामीणों के लिए एक सांस्कृतिक, वैचारिक एवं प्रेरणादायी केंद्र के रूप में विकसित होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर नगर निगम के एमआईसी सदस्य श्री श्यामलाल नेताम, ग्राम सरपंच, पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने अटल स्मृति निर्माण की स्वीकृति एवं भूमिपूजन हेतु महापौर रामू रोहरा के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन अटल बिहारी वाजपेयी जी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करने के संकल्प के साथ हुआ।



