मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों से ही सशक्त व संस्कारित समाज का निर्माण संभव : श्रीमती रंजना साहू

धमतरी। नगर पंचायत आमदी में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक सरोकार का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला, जब राधा-कृष्ण मंदिर प्रांगण में रामायण मेला महोत्सव एवं वृद्धजन–वरिष्ठजन सम्मान समारोह का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की कृपा और समस्त नगरवासियों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में नगर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक श्रीमती रंजना दीपेंद्र साहू विशेष रूप से शामिल हुईं। नगर पंचायत आमदी पहुंचने पर आयोजक समिति, जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों द्वारा उनका पुष्पगुच्छ एवं आत्मीय अभिनंदन के साथ स्वागत किया गया। श्रीमती रंजना साहू ने सर्वप्रथम भगवान श्रीरामचंद्र जी की प्रतिमा पर विधिवत पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन एवं आरती की तथा नगर, प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगलकामना की।
मंच से श्रीराम कथा मंडली द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण श्रीराम कथा, भजन-संगीत एवं आध्यात्मिक व्याख्यान ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु देर तक कथा और भजनों में लीन नजर आए। मुख्य अतिथि श्रीमती रंजना साहू ने भी श्रद्धालुओं के साथ बैठकर कथा का श्रवण किया और भावविभोर होकर भजनों का आनंद लिया।
इस अवसर पर समाज के मार्गदर्शक माने जाने वाले वृद्धजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। सम्मान पाकर वृद्धजनों के चेहरे पर प्रसन्नता और आत्मसम्मान की झलक स्पष्ट दिखाई दी। इस सम्मान समारोह ने पीढ़ियों के बीच संवाद, सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त संदेश दिया।
अपने उद्बोधन में श्रीमती रंजना साहू ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, सेवा, कर्तव्य और आदर्शों से परिपूर्ण है। श्रीराम केवल एक ऐतिहासिक या पौराणिक चरित्र नहीं, बल्कि प्रत्येक युग के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि रामायण मात्र एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला अनुपम ग्रंथ है, जो हमें सत्य, संयम और समर्पण का मार्ग दिखाता है। आज के बदलते सामाजिक परिवेश में यदि श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर लिया जाए, तो एक सशक्त, संस्कारित, नैतिक और समरस समाज का निर्माण स्वतः संभव है।
उन्होंने आगे कहा कि वृद्धजन एवं वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, त्याग और संस्कार ही समाज की नींव को मजबूत बनाते हैं। ऐसे सम्मान समारोह समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवा पीढ़ी को अपने बुजुर्गों के प्रति आदर, संवेदना और कर्तव्य का बोध कराते हैं। श्रीमती रंजना साहू ने नगर पंचायत आमदी एवं आयोजन समिति को इस प्रेरणादायक एवं सफल आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नगर पंचायत आमदी की अध्यक्ष श्रीमती ज्योति मुरलीधर साहू ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि रामायण मेला महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है। नगर पंचायत आमदी द्वारा नगरवासियों के सहयोग से इस आयोजन को प्रतिवर्ष और भी व्यापक रूप दिया जा रहा है, जो नगर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की नींव हैं और उनका सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत आमदी के उपाध्यक्ष कोमल यादव, पूर्व अध्यक्ष हेमंत माला, पूर्व उपाध्यक्ष तेजराम साहू, भाजपा वरिष्ठ नेता नीलकंठ साहू, अवध साहू, उमानंद कुंभकार, सुनीता कृपाल साहू, जागेश्वर नेताम, सरिता साहू, त्रिभुवन मटियारा, नारायण मटियारा, लक्ष्मी जितेंद्र पटेल, संतोषी साहू, किरण साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, मातृशक्ति, युवा एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय माहौल के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना की अनुपम झलक देखने को मिली। रामायण मेला महोत्सव एवं वृद्धजन सम्मान समारोह ने नगर पंचायत आमदी को धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से एक नई पहचान प्रदान की।



