छत्तीसगढ़

भाजपा किसान मोर्चा के मत्स्य पालन प्रकल्प के प्रथम प्रदेश संयोजक बने कृष्णा चंपालाल हिरवानी


धमतरी(प्रखर) भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ द्वारा प्रदेश कार्यकारिणी का संगठनात्मक विस्तार करते हुए मत्स्य पालन प्रकल्प के पदाधिकारियों की घोषणा की गई है। यह नियुक्तियां माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण देव सिंह की सहमति एवं पार्टी के राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में की गई हैं। इसके अंतर्गत प्रदेश कार्यकारिणी में जिला अध्यक्ष, महामंत्री, विभिन्न प्रकल्पों के संयोजक एवं सह-संयोजक, साथ ही संभाग प्रभारी एवं सह-प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
इसी क्रम में धमतरी निवासी कृष्णा चंपालाल हिरवानी को भाजपा किसान मोर्चा के मत्स्य पालन प्रकल्प का प्रथम प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति प्रदेश में मत्स्य पालन से जुड़े किसानों एवं पालकों के लिए विशेष महत्व रखती है। वहीं आरंग से  दिलीप जलक्षत्रीय एवं  योगेंद्र देशमुख को मत्स्य पालन प्रकल्प का सह-संयोजक बनाया गया है, जो प्रदेश स्तर पर प्रकल्प के संचालन एवं विस्तार में सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर दायित्व की घोषणा के पश्चात श्री कृष्णा चंपालाल हिरवानी ने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व, संभागीय नेतृत्व तथा प्रदेश किसान मोर्चा के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मत्स्य पालकों की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं हितों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को मजबूत करने, योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने हेतु वे निरंतर सक्रिय रहेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य में मत्स्य पालन की अपार संभावनाएं हैं। जल संसाधनों के बेहतर उपयोग, प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और बाजार व्यवस्था को सुदृढ़ कर मत्स्य पालकों की आय बढ़ाने की दिशा में किसान मोर्चा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। संगठन के माध्यम से मत्स्य पालकों को एक मंच पर जोड़कर उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
कृष्णा चंपालाल हिरवानी की इस नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं, किसान मोर्चा के पदाधिकारियों एवं मत्स्य पालकों में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की है कि उनके नेतृत्व में मत्स्य पालन प्रकल्प प्रदेश में नई दिशा और गति प्राप्त करेगा।

Author Desk

Related Articles

Back to top button