छत्तीसगढ़

नगर निगम ने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के ठेकेदार को जारी किया कड़ा नोटिस, समयसीमा उल्लंघन पर सख्त रुख


धमतरी(प्रखर) शहर की बढ़ती आबादी और आगामी 30 वर्षों की पेयजल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए धमतरी नगर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन द्वारा वर्ष 2018 में एक अत्यंत महत्वाकांक्षी परियोजना के रूप में आधुनिक वॉटर फ़िल्टर ट्रीटमेंट प्लांट की स्वीकृति प्रदान की गई थी। इस परियोजना पर शासन द्वारा लगभग 34 करोड़ 27 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई, जिससे शहरवासियों को दीर्घकालीन लाभ मिल सके।
इस महत्वपूर्ण परियोजना का कार्य आदेश 15 नवंबर 2019 को मेसर्स रायपुर कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को जारी किया गया था। अनुबंध की शर्तों के अनुसार ठेकेदार को 31 दिसंबर 2023 तक प्लांट का निर्माण पूर्ण कर उसे नगर निगम को हैंडओवर करना था।
किन्तु निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बावजूद कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी। बार-बार अवसर देने और समय बढ़ाने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरा रहने पर अब नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नगर निगम के प्र. कार्यपालन अभियंता श्री महेंद्र जगत ने जानकारी देते हुए बताया कि शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट जैसी अत्यंत आवश्यक परियोजना में हो रही देरी न केवल नागरिकों की सुविधा को प्रभावित कर रही है, बल्कि शासन द्वारा स्वीकृत करोड़ों रुपये की राशि और योजना की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रही है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर निगम किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन अथवा समयसीमा की अनदेखी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। निगम प्रशासन इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रहा है और आवश्यक होने पर ठेकेदार के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम द्वारा जारी नोटिस में ठेकेदार को निर्देशित किया गया है कि वह शीघ्र ही कार्य पूर्ण करने की स्पष्ट समय-सीमा प्रस्तुत करे, साथ ही निर्माण कार्य में तत्काल संतोषजनक प्रगति सुनिश्चित करे। अन्यथा नियमानुसार जुर्माना, अनुबंध निरस्तीकरण अथवा अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
नगर निगम का यह कदम शहर में भविष्य की बेहतर और स्थायी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम और जिम्मेदार पहल माना जा रहा है। नागरिकों को उम्मीद है कि निगम की इस सख्ती से कार्य में तेजी आएगी और शहरवासियों को शीघ्र ही शुद्ध पेयजल सुविधा का लाभ मिल सकेगा।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button