छत्तीसगढ़

युवा मोर्चा शहर मंडल द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा के समक्ष हर्षोल्लास से मनाया गया गणतंत्र दिवस


धमतरी(प्रखर) भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर 26 जनवरी 2026 को भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा स्थल पर भारतीय जनता युवा मोर्चा शहर मंडल द्वारा गरिमामय एवं भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच संपन्न हुआ।
ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के गगनभेदी नारों से संपूर्ण परिसर को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 26 जनवरी का दिन भारत के संविधान की शक्ति, लोकतंत्र की मजबूती और नागरिक कर्तव्यों की याद दिलाने वाला पर्व है।
युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष कैलाश सोनकर ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और आज का युवा वर्ग देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए सतत रूप से कार्य कर रहा है। आमदी मंडल अध्यक्ष विनय जैन ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय और एकात्म मानववाद के विचार आज भी देश के विकास की दिशा तय कर रहे हैं।
कार्यक्रम में बठेना वार्ड के पार्षद श्यामलाल नेताम, युवा मोर्चा शहर मंडल अध्यक्ष सूरज शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संविधान के प्रति निष्ठा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रसेवा का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर राम सोनी, भागवत साहू सहित युवा मोर्चा के कार्यकर्ता, वरिष्ठ पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में वार्ड के नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता और अखंडता को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों ने एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने का संदेश दिया।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button