छत्तीसगढ़

दो दिन की मोहलत नहीं, 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से धान खरीदी हो: ओंकार साहू


धमतरी(प्रखर)धान खरीदी की अवधि में केवल दो दिन की बढ़ोतरी को लेकर धमतरी विधायक ओंकार साहू ने साय सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह फैसला किसानों के साथ मज़ाक है। सिर्फ तारीख बढ़ाना दिखावटी कदम है, इससे किसानों की वास्तविक समस्या का कोई समाधान नहीं होगा।
विधायक साहू ने कहा कि सरकार को चाहिए कि सभी बचे हुए किसानों का प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान अनिवार्य रूप से खरीदे। तभी किसानों को उनका वास्तविक हक मिल पाएगा। वर्तमान व्यवस्था के चलते बड़ी संख्या में किसान आज भी धान बेचने से वंचित हैं।
उन्होंने बताया कि टोकन की अव्यवस्था, रकबा कटौती और खरीदी सीमा जैसी समस्याओं ने किसानों को मानसिक और आर्थिक रूप से गंभीर संकट में डाल दिया है। ऐसे में केवल दो दिन की तारीख बढ़ाकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती।
ओंकार साहू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धान खरीदी किसानों का अधिकार है, कोई कृपा नहीं। जब तक सभी पात्र किसानों का पूरा धान समर्थन मूल्य पर नहीं खरीदा जाता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि किसानों के हित में तत्काल ठोस निर्णय लेकर प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी सुनिश्चित की जाए।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button