छत्तीसगढ़

ग्राम अमेठी में छत्तीसगढ़ कोरिया यादव समाज पाली का वार्षिक अधिवेशन संपन्न


यादव समाज मेहनती, संगठित और विकासशील समाज – महापौर रामू रोहरा
धमतरी(प्रखर)ग्राम अमेठी स्थित ब्रजधाम यादव समाज भवन में छत्तीसगढ़ कोरिया यादव समाज पाली का वार्षिक अधिवेशन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समाजजनों द्वारा महापौर का पुष्पगुच्छ, साल एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अतिथियों का स्वागत किया। अधिवेशन के दौरान समाज की एकता, संगठन की मजबूती, शिक्षा का प्रसार, सामाजिक समरसता तथा युवाओं की सक्रिय भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि यादव समाज सदैव मेहनत, अनुशासन और संगठन की मिसाल रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी समाज तभी प्रगति करता है जब वह शिक्षित, संगठित और जागरूक होता है। उन्होंने समाज के युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने, सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
महापौर ने कहा कि इस प्रकार के अधिवेशन समाज को दिशा देने के साथ-साथ आपसी समन्वय, विचारों के आदान-प्रदान और सामाजिक एकजुटता को सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, वरिष्ठजन, महिला एवं युवा वर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अधिवेशन के दौरान समाज की आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई तथा समाजहित में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button